ठेका छोड़कर टिपर चलाएगी खतौली नगर पालिका, वार्डो से उठेगा कूड़ा
खतौली नगर पालिका ने स्वच्छ भारत मिशन के बजट से खरीदे टिपर संचालन का रास्ता तैयार किया है। इन वाहनों को ठेका छोड़कर चलवाया जाएगा। पिछले एक साल से वाहनों को चालकों का इंतजार है। चेयरपर्सन ने सात चालक रखे जाने की अनुमति दी है। पालिका अधिकारियों ने चालकों के लिए मेरठ की एक फर्म को ठेका दिया है। यही फर्म चालक उपलब्ध कराएगी।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। खतौली नगर पालिका ने स्वच्छ भारत मिशन के बजट से खरीदे टिपर संचालन का रास्ता तैयार किया है। इन वाहनों को ठेका छोड़कर चलवाया जाएगा। पिछले एक साल से वाहनों को चालकों का इंतजार है। चेयरपर्सन ने सात चालक रखे जाने की अनुमति दी है। पालिका अधिकारियों ने चालकों के लिए मेरठ की एक फर्म को ठेका दिया है। यही फर्म चालक उपलब्ध कराएगी।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत पालिका ने 12 टिपर वाहन खरीदे हैं, जिनकी कीमत लगभग 70 लाख रुपये है। इन वाहनों से नगर के वार्डों और बाजारों से कूड़ा एकत्र किया जाना है। पिछले एक वर्ष से अधिकारी वाहनों के लिए चालक नहीं रख पाए। इसके चलते वाहन परिसर में सफेद हाथी बन गए। अब क्षेत्र में कूड़ा एकत्र करने में बाधाएं आईं तो पालिका प्रशासन ने आनन-फानन में चालक रखे जाने की तैयारियों को अमलीजामा पहनाया है। पूर्व में चेयरपर्सन से 12 चालक रखे जाने की अनुमति मांगी गई थी, जिसे निरस्त कर दिया गया था। अब पालिका ने ई-टेडरिंग के जरिए मेरठ की एक फर्म को ठेका दिया है। यह फर्म टिपर के लिए चालक उपलब्ध कराएगी। गुरुवार से टिपरों को वार्डों में कूड़ा एकत्र करने के लिए भेजा जाएगा।
कस्बे में निकल रहा 25 टन कूड़ा
कस्बे के 25 वार्डों और प्रमुख बाजारों, सड़क, चौराहों से एक दिन में 25 टन कूड़ा निकल रहा है। इस कूड़े को एकत्र करने के लिए पालिका के पास अपनी भूमि नहीं है। गंगनहर पटरी मार्ग पर कूड़ा डाला जा रहा था। यहां राष्ट्रीय हरित अधिकरण की सख्ती आड़े आ गई है। कूड़े को गाजियाबाद एक प्लांट पर भेजने की तैयारी की गई है।
इन्होंने कहा
टिपर संचालन के लिए सात चालक रखे गए हैं, जबकि पांच पालिका में पूर्व से तैनात हैं। गुरुवार से टिपर का संचालन शुरू होगा। इनके माध्यम से कूड़ा एकत्र कराया जाएगा।
-जेपी यादव, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका।