रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिले रूस में फंसे तीनों युवकों के परिजन, लगाई भारत वापस लाने की गुहार
रूस में स्टडी वीजा पर गए तीन भारतीय युवकों के स्वजन ने दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
-1790563627137_m.webp)
रूस में फंसे युवकों के स्वजन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से युवकों को वापिस बुलाने की गुहार लगाते हुए
HighLights
रूस में स्टडी वीजा पर गए तीन भारतीय युवक फंसे।
स्वजन का आरोप, जबरन रूसी सेना में शामिल किया गया।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर वापसी की गुहार लगाई।
संवाद सूत्र, मुजफ्फरनगर। स्टडी वीजा पर रूस गए तीन युवकों के स्वजन दिल्ली में केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मिले। बेटों को रूस से वापस लाने की गुहार लगाई।
स्वजन का कहना है कि उनके पुत्र रूस में पढ़ाई के लिए गए थे, जहां उनका पासपोर्ट कब्जे में लेकर जबरन सेना में भेज दिया गया है। अब रूसी दूतावास की ओर से उन्हें लापता बताया जा रहा है।
चरथावल ब्लॉक के गांव पीपलशाह निवासी विपिन कुमार ने बताया है कि उनका पुत्र शक्ति पुंडीर 17 अगस्त 2025 को इंटरमीडिएट के बाद स्टडी वीजा पर रूसी भाषा की पढ़ाई करने रूस गया था। 30 जुलाई को उसकी अंतिम बार फोन पर बात हुई थी।
शक्ति पुंडीर ने रोते हुए बताया था कि रूसी अधिकारियों ने उसका पासपोर्ट कब्जे में लेकर उसे जबरन सेना में भेज दिया है। वहीं विपिन ने बताया था कि गांव बाढ़ निवासी मुकेश शर्मा का पुत्र हिमांशु शर्मा और जनपद शामली थाना थानाभवन के हसनपुर लुहारी निवासी राकेश कुमार का पुत्र आशु कुमार भी शक्ति के साथ रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
30 जुलाई को हुई थी आखिरी बार बात
तीनों युवकों ने 30 जुलाई को अपने-अपने स्वजन से अंतिम बार एक ही फोन नम्बर से बात की थी। स्वजन का आरोप है कि तीनों को जबरन रूसी सेना में भेजा गया है। अनहोनी की आशंका जताते हुए युवकों के स्वजन ने बताया कि उसके बाद उनका बेटो से कोई सम्पर्क नहीं हो सका।
रूस में फंसे युवकों के स्वजन जिलाधिकारी, प्रधानमंत्री कार्यालय, भारतीय दूतावास, विदेश मंत्रालय, सांसद हरेंद्र मलिक व भारतीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन से युवकों को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगा चुके हैं।
तीनों युवकों के स्वजन विपिन कुमार,सोनू शर्मा व राकेश कुमार ने शनिवार को दिल्ली पहुंचकर भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और रूस में तीनों युवकों को वापिस बुलाने की गुहार लगाई। रक्षामंत्री ने स्वजन को आश्वस्त किया।
