पुरकाजी को तहसील का दर्जा न दिया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी भाकियू
कृषि कानूनों की वापसी को लेकर भाकियू की लड़ाई जारी है। छपार व रोहाना टोल प्लाजा पर भाकियू का धरना 12वें दिन भी जारी रहा। रविवार को भी किसान टोल प्लाजा पर डटे रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि कृषि कानूनों की वापसी तक छपार टोल पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने पुरकाजी को तहसील का दर्जा देने की मांग की है।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। कृषि कानूनों की वापसी को लेकर भाकियू की लड़ाई जारी है। छपार व रोहाना टोल प्लाजा पर भाकियू का धरना 12वें दिन भी जारी रहा। रविवार को भी किसान टोल प्लाजा पर डटे रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि कृषि कानूनों की वापसी तक छपार टोल पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने पुरकाजी को तहसील का दर्जा देने की मांग की है।
दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर स्थित छपार टोल प्लाजा पर 12वें दिन भी भाकियू का धरना जारी रहा। भाकियू कार्यकर्ता धरने पर डटे हुए हैं। टोल प्लाजा पर दिन-रात किसान धरना दे रहे हैं। पुरकाजी ब्लाक अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि पुरकाजी खादर क्षेत्र के लोगों को तहसील के कार्यो के लिए मुजफ्फरनगर के चक्कर काटने पड़ते हैं, तहसील जाने में लोगों का पूरा दिन चला जाता है। उसके बाद भी अधिकारी के न मिलने पर मायूस होकर लौटना पड़ता है और अगले दिन फिर से मुजफ्फरनगर जाना होता है, जिससे पुरकाजी के लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि डीएम सेल्वा कुमारी जे. के माध्यम से प्रदेश सरकार से पुरकाजी को तहसील का दर्जा देने की मांग की है। पुरकाजी कस्बा या बरला में तहसील का निर्माण होने से ग्रामीणों को मुजफ्फरनगर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र ही पुरकाजी में तहसील का निर्माण नही हुआ तो भाकियू सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी और छपार टोल प्लाजा को फ्री कराया जायेगा। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी किसानों का उत्पीड़न कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कृषि कानूनों की वापसी तक छपार टोल प्लाजा पर भाकियू का धरना जारी रहेगा। धरनास्थल पर ही ब्लाक अध्यक्ष ने हुसैनपुर, खेड़की, शेरपुर व बढ़ीवाला के ग्राम अध्यक्ष नियुक्त किए और धीरसिंह को शेरपुर न्याय पंचायत का अध्यक्ष नियुक्त किया। इस दौरान वीरेंद्र ठाकुर, जीतेंद्र त्यागी, अमरेंद्र उर्फ काका, अशोक कुमार, ओमपाल मास्टर, कयूम अंसारी व ललित त्यागी आदि मौजूद रहे।
संवाद सूत्र, रोहाना : मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाई-59 पर स्थित रोहाना टोल प्लाजा पर कृषि कानूनों की वापसी को लेकर 12वें दिन भी धरना जारी रहा। रोहाना टोल प्लाजा पर भाकियू कार्यकर्ता चरथावल ब्लाक अध्यक्ष कुशलवीर सिंह के नेतृत्व में धरना पर डटे हुए हैं। ब्लाक अध्यक्ष ने कहा कि सरकार झुके या न झुके परंतु किसान नही झुकेगा। प्रशासन जेलों का विस्तार कर ले, क्योंकि देशभर का किसान हथकड़ी पहनने को तैयार है। सत्यवीर सिंह, शाहबाज त्यागी, संजय त्यागी, मोनू ठाकुर, पिटू शर्मा, सुनील चौधरी व हिमांशु त्यागी आदि मौजूद रहे।