विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व विधायक शाहनवाज राना और बेटों पर 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज, मुजफ्फरनगर पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

By Dilshad Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 19 Nov 2026 12:31 PM (IST)

पूर्व विधायक शाहनवाज राना और उनके दो बेटों पर 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। एक स्क्रैप ...और पढ़ें

पूर्व विधायक शाहनवाज राना

पूर्व विधायक शाहनवाज राना

HighLights

  1. स्क्रैप एवं स्पंज कारोबारी ने मुजफ्फरनगर में दर्ज कराया मुकदमा।

  2. फर्जी दस्तावेजों से माल मंगवाकर भुगतान नहीं करने का आरोप।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। पूर्व विधायक शाहनवाज राना समेत उनके दोनों पुत्रों की मुश्किलें एक बार पुन: बढ़ने वाली हैं। पिता-पुत्रों के विरुद्ध कारोबारी से 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। जिसके चलते नई मंडी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। स्क्रैप कारोबारी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोहे का स्क्रैप और स्पंज आयरन मंगवाने के बाद भुगतान नहीं करने के आराेप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में लगी है।

नई मंडी क्षेत्र की भरतिया कालोनी निवासी स्क्रैप एवं स्पंज कारोबारी जितेंद्र चौधरी का आरोप है कि सितंबर 2024 में एक विवाह समारोह के दौरान उनकी मुलाकात पूर्व विधायक शाहनवाज राना से हुई थी। बातचीत के दौरान पूर्व विधायक ने उन्हें कारोबार में साथ काम करने का प्रस्ताव दिया और उत्तराखंड के मंगलौर स्थित यूपी बोन मेटल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में आकर मिलने के लिए बुलाया था।

कारोबारी जितेंद्र चौधरी और उनके पुत्र भीम चौधरी के साथ फैक्ट्री पहुंचे थे। यहां पर पूर्व विधायक शाहनवाज के साथ उनके दोनों पुत्र अब्दुल अहद राना और शाहआजम राना से मुलाकाम हुई थी। पूर्व विधायक ने स्वयं को फैक्ट्री का मालिक बताने के साथ दस्तावेज दिखाए। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्क्रैप और स्पंज फैक्ट्री में मंगवाए गए।

20 दिन के अंदर भुगतान का वादा किया, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं किया गया। कारोबारी ने बताया कि सितंबर में करीब 40 लाख रुपये तथा नवंबर 2024 में पुन: लगभग 35 लाख रुपये का माल भेजा गया। लगभग 75 लाख रुपये का स्क्रैप, स्पंज भेजे गए थे। बाद में कारोबारी का पुत्र भीम पूर्व विधायक के आवास पर भुगतान लेने पहुंचा तो फैक्ट्री की असलियत का राजफाश हुआ। पूर्व विधायक फैक्ट्री के मालिक नहीं है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

ईडी के शिकंजे में फंसे थे पूर्व विधायक

अगस्त 2026 में ईडी की लखनऊ जोन की टीम ने जंबूद्वीप एक्सपोर्ट एंड इंपोर्ट लिमिटेड के मामले में तलाशी अभियान के दौरान फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने और उसे आगे पास करने को लेकर न्यू राना हाउस पर छापेमारी की थी। आरोप है कि जंबूद्वीप एक्सपेार्ट एंड इंपोर्ट लिमिटेड और उनकी शेल कपंनियों से जुड़ी संस्थाओं ने फर्जी इनवाया व ई-वे बिल तैयार कर बिना माल बिक्री के करोड़ों रुपये का आइटीसी हड़पा था।

जांच में सामने आया था कि इस नेटवर्क ने 9.63 करोड़ रुपये का आइटीसी गलत तरीके से हासिल किया और 10.28 करोड़ का आइटीसी आगे ट्रांसफर कर दिया। ईडी ने इसे मनी लांड्रिंग माना था। तब पूर्व विधायक शाहनवाज राना उनके चाचा पूर्व सांसद कादिर राना, पूर्व विधायक नूर सलीम उर्फ पप्पू राना के आवास पर छापेमारी की। जम्बूद्वीप एक्स्पोर्ट्स फर्म का स्वामित्व पूर्व विधायक के पुत्र शाहजमा राना के नाम बताया गया था।

सीजीएसटी पर हमले के बाद बढ़ी थी मुश्किल

पांच दिसंबर 2024 को सपा नेता एवं पूर्व सांसद कादिर राना की राना स्टील फैक्ट्री में मेरठ की केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर (सीजीएसटी) और माल एवं सेवाकर खुफिया महानिदेशालय (डीजीजीआई) यूनिट देहरादून ने छापेमारी की थी। छापेमारी के विरोध में फैक्ट्री में अधिकारियों की पांच गाड़ियों में तोड़फोड़ के साथ पथराव किया गया था। महिला अधिकारी से बदसलूकी की गई थी।

मामले में मेरठ यूनिट के जोनल इंटेलिजेंस आफिसर कौशल कुमार की ओर से कादिर राना की दो बेटियों, बेटे और भतीजे पूर्व विधायक शाहनवाज राना समेत कई के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। यहीं से पूर्व विधायक की मुश्किलें बढ़ी और उन्हें लगभग नौ माह तक जेल में रहना पड़ा था। बाद में उनके विरुद्ध गैंग्सटर एक्ट, कूटरचित दस्तावेजों से जीएसटी चोरी करने का भी मुकदमा दर्ज हुआ था।

जीएसटी चोरी के मुकदमे में इस मामले में निचली अदालत से उनकी जमानत अर्जी खारिज होने के बाद हाई कोर्ट प्रयागराज में जमानत के लिए अपील की गई थी। अगस्त 2025 में पूर्व विधायक शाहनवाज राना को हाई कोर्ट से जमानत मिली थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।