किसान संगठन खुले मन से सरकार से करें बात
उत्तर प्रदेश के पर्यावरण वन तथा जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि देश के भीतर कुछ लोगों को भाजपा नीत मोदी सरकार के कामों का विरोध करना है। उन्होंने कहा कि आंदोलन करने वाले किसान संगठनों को खुले मन से केंद्र सरकार से वार्ता करनी चाहिए तभी इस प्रकरण का समाधान निकलेगा।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि देश के भीतर कुछ लोगों को भाजपा नीत मोदी सरकार के कामों का विरोध करना है। उन्होंने कहा कि आंदोलन करने वाले किसान संगठनों को खुले मन से केंद्र सरकार से वार्ता करनी चाहिए तभी इस प्रकरण का समाधान निकलेगा।
भोजाहेड़ी के सिद्धपीठ मां काली मंदिर में नौ दिन से चल रहे धार्मिक अनुष्ठान के समापन के दिन समाजसेवी लीलाराम अग्रवाल के आह्वान पर राज्य मंत्री कार्यक्रम में पहुंचे। 151 घंटे के यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद सोमवार को 108 कन्याओं को श्रद्धापूर्वक जिमाया गया। हवन व कन्याओं को जिमाने के कार्यक्रम के बाद मंत्री अनिल शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मोदी सरकार ने देश में एतिहासिक काम किए हैं, जिनमें 370, सीएए, राम मंदिर का निर्माण आदि प्रमुख हैं। कहा कि कुछ लोगों को सरकार के हर काम का विरोध करना है। कहा कि भोले-भाले किसानों को बहकाकर किसान आंदोलन कराया जा रहा है। एंटी नेशन, वामपंथी विचारधारा के लोग, योगेंद्र यादव आदि किसानों से कृषि कानून के विरोध में झूठ बोलकर उनकी सरलता का फायदा उठा रहे हैं। राष्ट्र विरोधी लोग देश के भीतर भ्रामक बातें फैला रहे हैं। कहा कि सरकार समाधान को तैयार है, संगठन खुले मन से और इच्छा से वार्ता करेंगे तो परिणाम अच्छा आएगा। इस दौरान महामंडलेश्वर जूना अखाड़ा स्वामी यतींद्र गिरि, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, अंकित अग्रवाल, सुधीर खटीक, पंकज त्यागी, मनोज चौहान, अर्जुन गुप्ता, दीपक कौशिक, सचिन सिघल, हरिराम सक्सेना व डीएफओ सूरज आदि मौजूद रहे।