विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘बेटा गिरफ्तार है...’ बताते हुए कॉल कर बुजुर्ग महिला से ठग लिए 4.50 लाख रुपये, मुजफ्फरनगर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

By Rashid Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 25 Nov 2026 06:21 PM (GMT+05:30)

मुजफ्फरनगर में एक बुजुर्ग महिला से साइबर ठगों ने बेटे की गिरफ्तारी का झांसा देकर 4.5 लाख रुपये ठग लिए। नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

AI जेनरेटिड फोटो

AI जेनरेटिड फोटो

HighLights

  1. साइबर ठगों ने बेटे की गिरफ्तारी का झांसा दिया।

  2. महिला को डराकर दो खातों में जमा कराए रुपये।

संवाद सहयोगी, मुजफ्फरनगर। बेटे को गिरफ्त में होना बताकर साइबर ठग ने एक बुजुर्ग महिला को डरा कर साढ़े चार लाख रुपये की ठगी कर ली। इस बारे में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

प्राइवेट नौकरी करने वाले शामली रोड निवासी अमरदीप ने नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया कि उनकी माता प्रभा देवी के मोबाइल नंबर पर 5 नवंबर को एक अनजान व्यक्ति की काॅल आई। काॅल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह पुलिस विभाग से बोल रहा है। पुलिस ने उनके बेटे को अरेस्ट किया हुआ है।

अगर उसको बचाना है तो दो लाख रुपये उनके खाते में भेज दो। एक खाता नंबर भी बताया गया। काॅल करने वाले शिकायतकर्ता की मां को डराया धमकाया। डर कर उनकी मां ने काॅल करने वाले व्यक्ति द्वारा बताए गए खाता नंबर पर 5 नवंबर को ही दो लाख रुपये ऑनलाइन भिजवा दिए।

6 नवंबर को फिर से ढाई लाख रुपये मांगे गए। इसके बाद ढाई लाख रुपये भी बताए गए दूसरे अकाउंट में भेज दिए। इस तरह से शिकायतकर्ता की मां से साढ़े चार लाख रुपये की ठगी कर ली गई। उसके बाद भी रुपये की मांग करते हुए दोबारा काल आई। इस बार शिकायतकर्ता के माता-पिता ठगों की चाल समझ चुके थे।

उन्होंने कोई पैसा जमा नहीं कराया। इस बारे में 7 नवंबर को ऑनलाइन शिकायत कराई थी। अब नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। नगर कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह बरतें सावधानी-

  • किसी भी अनजान व्यक्ति, बैंक कर्मचारी या खुद को पुलिस अधिकारी बता कर काल करने वाले को पासवर्ड शेयर न करें। उनके झांसे में न आएं।
  • वाट्सएप, एसएमएस या ईमेल पर आए अनजान लिंक पर क्लिक न करें। न ही असुरक्षित स्रोतों से ऐप या फाइल डाउनलोड करें।
  • अनजान लोगों के साथ स्क्रीन शेयर न करें। डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी अपडेट या भारी मुनाफे के लालच वाले काल और संदेशों की पुष्टि भरोसेमंद माध्यम से करें।
  • सार्वजनिक वाई-फाई पर बैंकिंग लेनदेन न करें। आनलाइन व्यापार में मोटे मुनाफे के लालच में न फंसें।
  • किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें और अपने बैंक को सूचना देंं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।