दीपावली पर मुजफ्फरनगर की वायु गुणवत्ता खराब, AQI पहुंचा 225 के पार; सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ी
दीपावली पर हुई आतिशबाजी के कारण मुजफ्फरनगर की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई, सोमवार को एक्यूआइ 225 दर्ज किया गया।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
दीपावली आतिशबाजी से मुजफ्फरनगर की हवा हुई खराब।
सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 225 दर्ज।
प्रदूषण से अस्थमा, सांस रोगियों को हुई परेशानी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। दीपावली पर जमकर हुई आतिशबाजी से शहर की हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई। पटाखों से निकले धुएं का एक्यूआइ पर विपरीत प्रभाव पड़ा।
इस कारण सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 225 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा दर्ज यह एक्यूआइ पिछले 24 घंटों का औसत होता है और शाम चार बजे जारी किया जाता है। दीपावली की रात 1:30 बजे एक्यूआइ 392 पर पहुंच गया था और सोमवार सुबह 11 बजे 400 तक पहुंच गया। जिले में बढ़े प्रदूषण का असर विभिन्न रोगियों पर भी देखने को मिला।
रविवार को दीपावली का पर्व धूम-धड़ाके के साथ मनाया गया। गली-मुहल्लों के साथ बाजारों, कालोनियों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। शाम होते ही धूम-धड़ाका शुरू हो गया। लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। हालांकि ग्रीन पटाखों की ही अनुमति थी, लेकिन लोगों ने चोरी-छिपे प्रतिबंधित पटाखे भी चलाए।
रविवार रात 12 बजे तक चली आतिशबाजी के कारण एक्यूआइ में उछाल आ गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के शाम चार बजे तक के जारी बुलेटिन में मुजफ्फरनगर में 225 एक्यूआइ दर्ज हुआ। पिछले साल दीपावली पर एक्यूआइ 269 दर्ज किया गया था। वायु गुणवत्ता के मामले में शहर की स्थिति दिल्ली, नोएडा, हापुड़, बागपत, गाजियाबाद और मेरठ से बेहतर रही है।
पटाखों के कारण पार्टिकुलेट मैटर (पीएम-2.5 एवं 10) के महीन तत्व हवा में घुलने से दबाव बन गया। प्रदूषण के मामले में सबसे खराब स्थिति भोपा रोड, जानसठ रोड, नई मंडी रोड, टाउनहाल, रुड़की एवं मेरठ रोड, वहलना चौक, गांधी कालोनी के अलावा यातायात का दबाव रहने वाले ट्रांसपोर्टनगर में रही।
वहीं, ध्वनि प्रदूषण की मात्रा भी शहर में औसत 50 डेसीबल तक दर्ज की गई। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी गीतेशचंद्र ने बताया कि वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए कई उपाय किए गए। पालिका की टीम से पानी का छिड़काव कराया गया।
इमरजेंसी में लगी रोगियों की भीड़
वायु प्रदूषण बढ़ने का प्रभाव अस्थमा, सांस रोगियों समेत बच्चों पर पड़ा। सोमवार प्रात: इमरजेंसी में अस्थमा के लगभग 30 रोगियों का उपचार किया गया। इसी तरह से 20 से ज्यादा खांसी के रोगी भी पहुंचे। सीएमएम डा. भुजवीर सिंह ने बताया कि वायु प्रदूषण बढ़ने के कारण हृदय एवं अस्थमा रोगियों को अधिक परेशानी हुई। इमरजेंसी में दोनों बीमारियों से ग्रस्त रोगी उपचार कराने के लिए पहुंचे।
दीपावली पर एक्यूआइ
- 2023 : 274
- 2024 : 300
- 2025 : 209
- 2026 : 225
एक सप्ताह का एक्यूआइ
- दो नवंबर : 257
- तीन नंवबर: 241
- चार नवंबर: 243
- पांच नवंबर : 207
- छह नवंबर: 203
- सात नवंबर: 263
- आठ नवंबर : 219
- नौ नवंबर: 225
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।