धनतेरस पर बर्तनों और चांदी के सिक्कों की खरीदारी
धनतेरस के साथ ही बाजारों में खरीदारी और ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है। गुरुवार को धनतेरस पर ज्वैलर्स और बर्तनों की दुकानों और शोरूम पर भारी भीड़ रही। बाजारों में चांदी के सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की अधिक मांग रही। इसके साथ-साथ धनतेरस पर इलेक्ट्रोनिक सामानों और वाहनों को खरीदने के लिए भी शोरूमों पर बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचे।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। धनतेरस के साथ ही बाजारों में खरीदारी और ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है। गुरुवार को धनतेरस पर ज्वैलर्स और बर्तनों की दुकानों और शोरूम पर भारी भीड़ रही। बाजारों में चांदी के सिक्के और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की अधिक मांग रही। इसके साथ-साथ धनतेरस पर इलेक्ट्रोनिक सामानों और वाहनों को खरीदने के लिए भी शोरूमों पर बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचे।
इस बार गुरुवार के साथ शुक्रवार को भी धनतेरस का पर्व मनाया जा रहा है। जनपद में अधिकर परिवार शुक्रवार को छोटी दीपावली के साथ धनतेरस मना रहे हैं, लेकिन गुरुवार को बाजार दुल्हन की तरह सजने के साथ ग्राहकों के लिए तैयार रहे। बर्तनों की दुकानों पर रात तक ग्राहक रहे। शहर के भगतसिंह रोड, अहिल्याबाई मार्ग, शिव चौक आदि स्थानों पर सड़कों पर ठीये लगाकर भी बर्तनों की दुकान सजी। धनतेरस पर बर्तनों के साथ-साथ आभूषणों और सोने-चांदी के सिक्कों को भी खरीदकर दिन का महत्व समझा गया। रत्नद्वीप ज्वैलर्स के संचालक सुरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि गुरुवार को उस स्तर तक कारोबार नहीं पहुंचा, जैसा पहुंचना चाहिए।
ग्राहकों ने चांदी के सिक्के अधिक खरीदे। 10 ग्राम के चांदी के सिक्कों के साथ कुछ लोगों ने सोने के सिक्के व लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां खरीदी। शुक्रवार को भी धनतेरस मनाई जाएगी। उसके लिए भी बाजार तैयार है।
वाहनों की खरीदारी को हुई एडवांस बुकिग
आटोमोबाइल बाजार ग्राहकों की लिए पूरी तरह तैयार है। धनतेरस पर वाहनों की बिक्री कम रही, लेकिन छोटी दीपावली और धनतेरस साथ पड़ने पर अधिक बिक्री की उम्मीद वाहन विक्रेताओं को एडवांस बुकिग के साथ जग गई। रोशन होंडा के संचालक अरुण गुप्ता ने बताया कि उनके शोरूम पर गुरुवार को 35 बाइकों की बिक्री हुई, जबकि शुक्रवार के लिए 151 की एडवांस बुकिग हुई है। वहीं रायल इनफील्ड बुलेट खरीदने पहुंच रहे ग्राहकों को दो महीने बाद का नम्बर मिल रहा है। पहले से बुकिग करने वाले ही शुभ मुहूर्त पर बुलेट ले पा रहे हैं। ऐसा ही हाल कार की खरीदारी करने वालों का है।
ईएमआइ पर मिल रहे इलेक्ट्रोनिक उपकरण
धनतेरस पर इलेक्ट्रोनिक सामानों के शोरूम भी सज गए। दिनभर ग्राहकों की लाइन रही। अधिक इलेक्ट्रोनिक शोरूमों पर माइक्रोवेव, ओवन, डिसवाशर, कपड़े धोने और सुखाने की मशीनों पर त्योहारों के दौरान 10 प्रतिशत तक की छूट देकर ग्राहकों को लुभाया जा रहा है। वहीं ग्राहकों को इएमआइ पर भी उपकरण बेचे जा रहे हैं।