विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुरू, फूल बरसाकर किया गया स्वागत

Published: Sat, 12 Sep 2026 12:04 PM (GMT+05:30)

दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुक्रवार से शुरू हो गया, जिसका कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और ...और पढ़ें

रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर पहुंची दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन पर फूल बरसाकर स्वागत करते भाजपा व रालोद कार्यकर्ता

रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर पहुंची दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन पर फूल बरसाकर स्वागत करते भाजपा व रालोद कार्यकर्ता

HighLights

  1. दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का रोहाना कलां में ठहराव शुरू हुआ।

  2. कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार और सांसद चंदन चौहान ने स्वागत किया।

  3. यह ठहराव आसपास के गांवों के लिए महत्वपूर्ण लाभ लाएगा।

संवाद सूत्र, मुजफ्फरनगर। रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस का स्टॉपेज शुक्रवार से शुरू हो गया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार व बिजनौर सांसद चंदन चौहान तथा दर्जनों ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ फूल बरसाकर ट्रेन का जोरदार स्वागत किया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर ठहराव की खुशी मनाई। इसके बाद कैबिनेट मंत्री व सांसद टिकट लेकर ट्रेन में सवार होकर मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुए।

शुक्रवार सुबह 11:34 बजे दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन संख्या-14304 रोहाना रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो वहां पर एकत्र ग्रामीणों ने पुरकाजी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार व बिजनौर सांसद चंदन चौहान ने लोको पायलट को फूल माला पहनाकर स्वागत किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कोरोना काल से ग्रामीणों की मांग पर एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव व केंद्रीय राज्य मंत्री जयन्त चौधरी के द्वारा ही यह संभव हो पाया है। इससे आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण लाभान्वित होंगे।

79944778

सांसद ने कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व रोहाना व सहारनपुर में ट्रेनों का ज्यादा आगमन नहीं होता था। परंतु प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में यहां पर एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों का संचालन निरंतर बढ़ रहा है। रोहाना में शीघ्र ही दिल्ली, देहरादून, चंडीगढ़ व अंबाला जाने वाली ट्रेनों का ठहराव भी पास कराया जाएगा।

बहेड़ी रेलवे फाटक पर जाम की समस्या का भी शीघ्र ही समाधान कराया जाएगा। इसके बाद वह टिकट लेकर आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ ट्रेन में सवार होकर मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। क्षेत्र के ग्रामीणों ने रोहाना में तीन अन्य पैसेंजर ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रवीण कुमार, रोहाना गन्ना समिति के चेयरमैन अनिल त्यागी, दुष्यंत त्यागी, विपुल बहेड़ी, लक्ष्मण शर्मा, सुभाष प्रधान, डॉ. अश्विनी कुमार आदि मौजूद रहे।

79944559

यह रहेगा समय

दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस संख्या-14303 प्रतिदिन पुरानी दिल्ली जंक्शन से शाम पौने छह बजे चलकर हरिद्वार जंक्शन तक जाएगी। यह मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर रात आठ बजकर 11 मिनट पर पहुंचेगी। यह रोहाना रेलवे स्टेशन पर आठ बजकर 23 मिनट पर पहुंचेगी। हरिद्वार जंक्शन से चलने वाली दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस संख्या-14304 सुबह नौ बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान कर सुबह 11 बजकर 34 मिनट पर रोहाना कलां पहुंचेगी। मुजफ्फरनगर में 11:45 तक पहुंचेगी।

बहेड़ी निवासी आत्माराम ने बताया कि कोरोना काल के बाद से रोहाना में ट्रेन न रुकने से बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पहले यह ट्रेन पैसेंजर ट्रेन थी। एक्सप्रेस बनने के बाद पहली बार रोहाना में ठहराव हुआ है। वह दिल्ली के लिए ट्रेन में सवार हुए।

बड़कली निवासी अनिल कुमार ने बताया कि दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस ट्रेन का रोहाना में ठहराव होने से दिल्ली व हरिद्वार से सीधा जुड़ाव होगा। इससे शिक्षा, व्यापार व स्वास्थ्य के लिए लाभ होगा।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में 13 से सजेगा ऐतिहासिक गोगा म्हाड़ी मेला, पुलिस-प्रशासन मुस्तैद; कई राज्यों से पहुंचेंगे लाखों श्रद्धालु