Move to Jagran APP

देहात में हर्षोल्लास से मनाया गया दीपावली का त्योहार

देहात में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। लोगों ने अमावस्या पर खेतों में जाकर अपने देवताओं पर यज्ञ-हवन उनसे सुख-समृद्धि एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। भूमिया खेड़ा का पूजन कर प्रसाद का वितरण किया। रात में जमकर आतिशबाजी हुई। देहात क्षेत्र में पुलिस गश्त भी तेज रही।

By JagranEdited By: Published: Sun, 15 Nov 2020 10:04 PM (IST)Updated: Sun, 15 Nov 2020 10:04 PM (IST)
देहात में हर्षोल्लास से मनाया गया दीपावली का त्योहार
देहात में हर्षोल्लास से मनाया गया दीपावली का त्योहार

जेएनएन, मुजफ्फरनगर। देहात में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। लोगों ने अमावस्या पर खेतों में जाकर अपने देवताओं पर यज्ञ-हवन उनसे सुख-समृद्धि एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। भूमिया खेड़ा का पूजन कर प्रसाद का वितरण किया। रात में जमकर आतिशबाजी हुई। देहात क्षेत्र में पुलिस गश्त भी तेज रही। मंसूरपुर : मंसूरपुर में श्रीसिद्ध बाबा साहब मंदिर परिसर सोहंजनी तगान में यज्ञ व भंडारा हुआ। मंदिर पर श्रद्धालुओं की कतार लग गई। पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने मंदिर में प्रसाद चढ़ाया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति की कामना की। यज्ञ व भंडारे का आयोजन हुआ। मंदिर परिसर में ही नवनिर्मित शनिदेव मंदिर में भी दीपावली पर्व पर पूजा-अर्चना की गई। दीपावली पर्व पर लोगों ने उपवास रखा तथा मिठाइयां व प्रसाद वितरित किया। रतनपुरी : क्षेत्र में दीपावली पर देवताओं व लक्ष्मी गणेश का पूजन किया। मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने पूजा कर भगवान से मन्नतें मांगीं। कई स्थानों पर अन्नकूट के प्रसाद का वितरण किया गया। चरथावल : नगर एवं क्षेत्र में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। लोगों ने बिजली के झालरों से परहेज कर मोमबत्ती एवं कच्चे दीयों से घरों को रोशन किया। लक्ष्मी-गणेश की पूजा-अर्चना करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की। मिट्टी के दीयों की मांग बढ़ने से इन्हें बनाने वाले परिवारों में भी दीपावली की खुशी दिखाई दी। दीपावली पर लोगों ने अपने घरों को सुंदर-सुंदर रंगोली बनाकर, मोमबत्ती एवं सरसों के तेल से दीये जलाकर सजाया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई वितरित की व शुभकामनाएं दीं। कस्बे के होली चौक के निकट रह रहे खानाबदोश लोगों के बीच पहुंचकर थाना प्रभारी धर्मेद्र सिंह ने मिठाई बांटी। बुढ़ाना : दीपावली मनायी गई व गोवर्धन पूजा हुई। श्रद्धालुओं ने गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर उनकी पूजा की। भगवान को विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग लगाकर आशीर्वाद मांगा। उकावली गांव में गायत्री गोधाम गोशाला में हवन-पूजन करने के बाद खीर बनाकर प्रसाद वितरित किया। स्वामी रवींद्र प्रताप ने कहा कि श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्व मनाकर गोकुलवासियों की रक्षा का वचन दिया था। उन्होंने भारी वर्षा में गोबर से बने पर्वत को अपनी अंगुली से उठाकर ग्रामीणों की रक्षा की थी। भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रधान प्रदीप त्यागी, संतोष देवी, हिमाद्री व आदित्य आदि मौजूद रहे। शिव मंदिर में मंदिर समिति व महाराजा अग्रसेन युवा संगठन के सौरभ अग्रवाल, सोहनलाल गर्ग, आदित्य, सुमित, राजू व हरि आदि ने गोवर्धन के अन्नकूट के प्रसाद का वितरण किया। पुरकाजी : त्योहार की धूम ने पटाखों पर लगे प्रतिबंध को हवा में उड़ा दिया। कस्बे से लेकर देहात तक देर रात तक आतिशबाजी होती रही। दुकानदारों ने भी चोरी-छिपे जमकर पटाखे बेचे। शनिवार को दीपावली के दिन पटाखों को लेकर बच्चे व युवा परेशान नजर आए। शाम होते-होते प्रतिबंध हवा में उड़ता नजर आया। कस्बा व देहात के गांवों में पटाखों की खूब बिक्री हुई। दुकानों पर अनार, जहाज, फुलझड़ी व सुतली बम आदि पटाखे बिकते नजर आए। पटाखे मिलते ही बच्चों ने जमकर धमाल मचाया, नतीजा देर रात तक जमकर आतिशबाजी होती रही। इससे पूर्व त्योहार को लेकर दिनभर बाजार में दुकानों पर ग्राहकों की खूब भीड़ रही। पर्व को लेकर पुलिस व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। जमकर हुई आतिशबाजी, पटाखें बेचते दो दबोचे

loksabha election banner

जानसठ : एनजीटी के आदेश पर प्रशासन ने पटाखे बेचने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा रखा था, लेकिन कई स्थानों पर चोरी-छिपे तो कई स्थानों पर खुलेआम पटाखे बेचे गए। कई जगह पर तो पुलिस के डर से बच्चों को पटाखे बेचने पर प्रतिबंध लगा रखा था। इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि दो लोगों को पटाखे बेचते हुए पकड़ लिया, जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। प्रतिबंध के बावजूद खूब बिके पटाखे

चरथावल : बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए एनजीटी ने पटाखों की बिक्री और प्रयोग पर पाबंदी लगाई थी, लेकिन पाबंदी बेअसर रही। शनिवार को खूब दुकानें सजीं और देर रात तक खूब आतिशबाजी चली, पटाखे फोड़े गए। नगर व क्षेत्र में गोवर्धन पूजा विधि-विधानपूर्वक की गई। प. उमेश चंद शर्मा ने गोवर्धन पूजा का महत्व बताया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.