सरकारी खर्च पर गाय पालकर पशुपालकों को मुफ्त मिल रहा दूध, क्या है ये शानदार योजना?
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में 6,000 गोवंश गौशालाओं में संरक्षित हैं और 1,900 गाय पशुपालकों को सुपुर्दगी में दी गई हैं। सरकार प्रत्येक गाय का भरण पोषण वहन कर रही है।

मुजफ्फरनगर के बघरा स्थित गोशाला का निरीक्षण करते मुख्य पशु चिकित्साधिकारी जितेन्द्र गुप्ता। सौ. सूचना विभाग
HighLights
मुजफ्फरनगर में 6000 गोवंश गौशालाओं में संरक्षित।
1,900 गाय पशुपालकों को सुपुर्दगी में दी गईं।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। जनपद में बेसहारा गोवंश की समस्या का काफी हद तक समाधान हुआ है। इसकी वजह यह है कि छह हजार गोवंश गौशालाओं में संरक्षित हैं और 1,900 गाय सुपुर्दगी में दी गई हैं।
ये गाय पशुपालकों के यहां दूध दे रही हैं, जिससे वह भरण पोषण समेत परिवार की जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। प्रत्येक गाय पर प्रतिदिन 50 रुपये सरकार वहन कर रही है। धनराशि सीधे पशुपालक के बैंक खाते में पहुंच रही हैं।
जनपद में कुल 2.10 लाख गोवंश हैं। इनमें से छह हजार गोवंश गौशालाओं में संरक्षित हैं। वर्तमान में जिले में केवल 27 गोवंश हैं, जबकि दो साल पहले संख्या 65 थी।
शासन के निर्देश पर बड़ी संख्या में गोशालाओं को बंद कर दिया गया और इनमें संरक्षित गोवंश को दूसरी गोशालाओं की क्षमता वृद्धि करके संरक्षित किया गया है। गोशालाओं में गाय, बछड़े, बछिया और सांड हैं। वहीं पशुपालन विभाग ने टैगिंग करके 1,900 गाय पशुपालकों को सुपुर्दगी में दी हैं। अधिकांश पशुपालक महिलाएं हैं।
इनका चयन आर्थिक स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत प्रशासक और सचिव की रिपोर्ट के आधार पर किया गया है। एक पशुपालक को अधिकतम चार गाय सुपुर्दगी में देने का प्रावधान हैं। इस योजना का लाभ जनपद में एक हजार से अधिक पशुपालक लाभ उठा रहे हैं।
सरकार 1,900 गाय के भरण पोषण पर हर माह 28.50 लाख रुपये खर्च कर रही है, जबकि गाय का दूध पशुपालक निजी उपयोग में करते हैं। बड़ी संख्या में पशुपालक गाय का दूध बेचकर परिवार का भरण पोषण भी कर रहे हैं।
गांव बेहड़ा निवासी बिमलेश देवी ने बताया कि दो गाय गोशाला से पालने को मिली थी। 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से माह में भुगतान मिलता है। एक गाय का दूध परिवार पीता है और दूसरी का बेचकर घर का खर्च चल जाता है। मजदूरी कर हरे चारे का प्रबंधन करते हैं। खल, चोकर, चूरी का खर्च भरण पोषण के लिए मिल रही धनराशि से निकल जाता है।
काऊ सेंक्चुरी में 3,300 गोवंश
जनपद में कुल 27 गोशालाएं हैं, जिनमें से 10 शहरी क्षेत्र और शेष ग्रामीण अंचल में हैं। इन गोशालाओं में लगभग 2,700 गोवंश संरक्षित हैं। जबकि पुरकाजी क्षेत्र के गांव तुगलकपुर के जंगल में बनी काऊ सेंक्चुरी में 3,300 गोवंश संरक्षित हैं। जिले भर से गोवंश यहां संरक्षित किए गए हैं, जिससे बेसहारा गाेवंश की समस्या कम हुई है। यहां आधुनिक तकनीक से गोवंश का भरण पोषण किया जा रहा है।
इन्होंने कहा...
जनपद में 1,900 गाय सुपुर्दगी में दी गई हैं। 50 रुपये प्रति दिन प्रति गाय के आधार पर पशुपालक को दिया जा रहा है। योजना का लाभ लेने के लिए पशुपालक नजदीक के पशु स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं। किसानों और पशुपालकों से अपील है कि गाेवंश को खुल् न छोड़े। यदि बीमार है या दूध नहीं दे रहा है तो उसका केंद्र पर निश्शुल्क उपचार कराएं।
-डा. जितेंद्र गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।