सीएम ने जिलाध्यक्ष से जाना हाल, जरूरतमंदों की बांटी सामग्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला से वीडियो कॉलिग के माध्यम से संवाद किया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला से वीडियो कॉलिग के माध्यम से संवाद किया। जिलाध्यक्ष से कोरोना वायरस के प्रभाव को लेकर जनपद के हालात पर चर्चा की। जिलाध्यक्ष ने बताया हालात ठीक है। अधिकांश लोग लॉकडाउन के नियमों का पालन कर रहे हैं। अभी तक जनपद में कोरोना वायरस के किसी भी मामले की पुष्टि नहीं हुई है। जनप्रतिनिधि अधिकारियों से संवाद कर रहे हैं।
वहीं भाजपाइयों और लेखपाल संघ ने जरुरतमंदों की सहायता के लिए राशन वितरित किया। रूड़की रोड और भोपा रोड किनारे झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे लोगों को राशन बांटा। भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने कहा कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सभी को सहयोग करने की जरूरत है। भाजपा शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर पार्टी पदाधिकारी जरूरतमंद लोगों की मदद कर रहे हैं। एसडीएम अतिरिक्त दीपक कुमार ने कहा कि यदि किसी को भी खाने और रहने में किसी प्रकार की परेशानी है तो वह जारी किए हेल्प लाइन नंबर पर संपर्क कर सकता है। तत्काल मदद की जाएगी। इस दौरान लेखपाल अनिल वर्मा, सतेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे।