प्रकृति संरक्षण और लोक आस्था का संदेश देता है छठ महापर्व
मुजफ्फरनगर में चार दिवसीय छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जो प्रकृति संरक्षण, लोक आस्था और सूर्योपासना का संदेश देता है।

शुकतीर्थ बाण गंगा में खडे होकर छठ पूजन करते श्रद्धालु। जागरण आर्काइव
HighLights
मुजफ्फरनगर में छठ महापर्व की तैयारियां, 13 नवंबर से शुरू।
प्रकृति संरक्षण, लोक आस्था और सूर्योपासना का प्रतीक यह पर्व।
नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य प्रमुख अनुष्ठान।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। लोक आस्था, सूर्योपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक छठ महापर्व मनाने के लिए जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। चार दिवसीय यह महापर्व 13 नवंबर शुक्रवार से शुरू होकर 16 नवंबर सोमवार तक चलेगा। पर्व को लेकर शहर के मुहल्ला नई आबादी, अलमासपुर, गांधीनगर, शांतिनगर और तीर्थनगरी शुकतीर्थ में श्रद्धालुओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। घरों में साफ-सफाई और पूजन सामग्री जुटाने का सिलसिला चल रहा है।
महिला पूनम राय ने बताया कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि प्रकृति, स्वच्छता, अनुशासन और परिवार की सुख-समृद्धि के प्रति समर्पण का संदेश भी देता है। पर्व के पहले दिन 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ अनुष्ठान शुरू होगा। इस दिन व्रती स्नान कर घरों की साफ-सफाई करेंगे और लौकी-भात व चने की दाल का सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेंगे। दूसरे दिन 14 नवंबर शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर, रोटी और केले का प्रसाद तैयार करेंगे। छठी मैया और सूर्यदेव को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
तीसरे दिन 15 नवंबर रविवार को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। व्रती दिनभर निर्जला उपवास रखकर बांस की टोकरी और सूप में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना सहित पूजन सामग्री सजाकर नदी, तालाब और छठ घाटों पर पहुंचेंगे। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। महापर्व के अंतिम दिन 16 नवंबर सोमवार को उषा अर्घ्य के साथ अनुष्ठान संपन्न होगा। व्रती सुबह ब्रह्म मुहूर्त में घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद व्रत का पारण कर प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।