अहंकार मनुष्य के पतन का कारण : बीके प्रवेश
तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में चल रहे गंगा स्नान मेले पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा जगह जगह प्रदर्शनी लगाकर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक जानकारी दी गई
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में चल रहे गंगा स्नान मेले पर प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा जगह जगह प्रदर्शनी लगाकर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक जानकारी दी गई तथा साहित्य वितरित किया गया। संयोजिका राजयोगिनी बीके प्रवेश बहन ने कहा कि अहंकार मनुष्य के पतन का कारण है इसलिए सुखी जीवन जीने के लिए मनुष्य को अहंकार का त्याग कर देना चाहिए, किसी की बुराई नही करनी चाहिए। तन की शुद्धि स्नान करने से होती है, मन की शुद्धि ज्ञान से होती है और धन की शुद्धि दान करने से होती है। बीके बीनू बहन ने कहा कि मनुष्य के जीवन में आहार का बहुत बड़ा महत्व है। मनुष्य को सात्विक भोजन करना चाहिए। सात्विक भोजन करने से मनुष्य के आचार-विचारों में शुद्धता आती है। बीके सोमपाल भाई ने कहा कि आज मनुष्य दिन भर के काम की भाग दौड़ में तनाव ग्रस्त हो जाता है इसलिए उसे तनाव दूर करने के लिए मेडीटेशन करना चाहिए। कार्यक्रम को सहारनपुर से आई रेखा बहन, बीके परी बहन, शिल्पी, दिया बहन, बीके श्रवण कुमार, बीके अनुज कुमार, कृष्णपाल, मोहित आदि ने भी संबोधित किया। इसके अलावा मेला ग्राउंड पर स्वास्थ्य विभाग, पशु पाल विभाग, कृषि विभाग, गन्ना विभाग आदि विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी पर साहित्य वितरित कर विभागीय जानकारी दी गई।