मुजफ्फरनगर में बर्थडे मना रहे 15 साल के किशोर को मारने की नीयत से हमलावरों ने की कई राउंड फायरिंग, मची चीख-पुकार
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के भोकरहेड़ी में एक जन्मदिन समारोह के दौरान पुरानी रंजिश के चलते ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिससे परिवार और मोहल्ले में दहशत फैल गई।

मौके पर मौजूद पुलिस।
HighLights
पुरानी रंजिश के चलते 15 वर्षीय किशोर को निशाना बनाया।
पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
संवाद सूत्र, भोपा (मुजफ्फरनगर)। कस्बा भोकरहेड़ी में शुक्रवार रात जन्मदिन की खुशियां मना रहे एक परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। जिससे मुहल्ले में दहशत फैल गई। दो गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने मकान को निशाना बनाकर गोली बरसाईं।
करीब 15 मिनट तक गोलियों की आवाज से मोहल्ला गूंजता रहा। मकान की दीवारों और लोहे के दरवाजे पर गोलियां लगी हैं। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने 15 वर्षीय किशोर को जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि किशोर समेत परिवार का कोई सदस्य गोली लगने से घायल नहीं हुआ।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपितों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
भोपा थाना क्षेत्र के भोकरहेड़ी कस्बे के मोहल्ला नेहरू चौक निवासी राजीव के 15 वर्षीय पुत्र अभिनव का शुक्रवार शाम जन्मदिन था। घर में परिवार के लोग जन्मदिन की खुशियां मना रहे थे। आरोप है कि रात करीब 10 बजे बादल, निखिल उर्फ फाटा, हार्दिक, राजन और तुगलकपुर निवासी आर्यन खेड़ा अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ दो गाड़ियों में सवार होकर राजीव के घर पहुंचे।
आरोपितों ने अभिनव को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। आरोप है कि हमलावर करीब 15 मिनट तक मकान पर गोलियां चलाते रहे। इस दौरान अभिनव बाल-बाल बच गया।
गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आसपास के लोग सहम गए और अपने घरों में दुबक गए। आरोप है कि हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के समय परिवार के संजीव, उनकी पत्नी बबली, पुत्र अभिषेक, राजीव, उनकी पत्नी कविता, पुत्री पीहू और अभिनव मौजूद थे। अचानक हुई इस वारदात से पूरा परिवार दहशत में आ गया। मकान की दीवारों और लोहे के दरवाजे पर गोलियों के निशान मिले हैं।
एसपी देहात और सीओ ने घटनास्थल पर जुटाई जानकारी
फायरिंग की सूचना मिलते ही एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक, सीओ भोपा राधारमण सिंह और प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से वारदात की जानकारी ली। पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने राजीव की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी देहात ने बताया कि भोकरहेड़ी में फायरिंग की घटना हुई है। इसमें कोई घायल नहीं हुआ है। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
