मजदूर की गोली मारकर हत्या, शव रख हंगामा
किताश गांव में एक मजदूर की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव एक खेत की नाली में फेंक दिया गया। ग्रामीणों ने घटना के विरोध में करीब एक घंटे तक शव रखकर हंगामा किया
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। किताश गांव में एक मजदूर की शुक्रवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव खेत की नाली में फेंक दिया गया। ग्रामीणों ने घटना के विरोध में करीब एक घंटे तक शव रखकर हंगामा किया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। एसपी देहात नेपाल सिंह और सीओ बुढ़ाना गिरजा शंकर त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को 24 घंटे में हत्याकांड का राजफाश करने का भरोसा दिया।
किताश गांव निवासी 28 वर्षीय राजीव पुत्र रामवीर पास के गोयला गांव थाना शाहपुर में महिपाल पुत्र बोहडू के यहां नौकरी करता था। शुक्रवार शाम सात बजे वह अपने घर लौट आया था। रात लगभग आठ बजे चंद्रपाल पुत्र होशियार निवासी गांव गोयला का उसके पास फोन आया। इसके बाद वह अपनी बाइक लेकर चला गया और रात में घर नहीं लौटा। सुबह साढ़े नौ बजे डबल गांव में नाई की दुकान करने वाले अमित कुमार निवासी गोयला ने किताश व गोयला के कच्चे रास्ते पर नेपाल पुत्र फूल सिंह निवासी किताश के खेत की नाली में लाश देखी। उसने इसकी जानकारी गांव में दी। ग्रामीणों ने उसकी पहचान राजीव पुत्र रामवीर के रूप में की। उसकी पीठ पर गोली लगी थी और मौके पर खून था। जिस मोटरसाइकिल पर गया था वह गोयला गांव में जिनके यहां नौकरी करता था, उन्हीं के घर में खड़ी मिली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। एसपी देहात नेपाल सिंह, सीओ बुढ़ाना गिरजा शंकर त्रिपाठी, इंस्पेक्टर रतनपुरी एमपी सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने 24 घंटे में हत्याकांड का राजफाश करने का भरोसा दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डॉग स्क्वायड ने बदमाशों का पता लगाने के लिए घटनास्थल की जांच की। खोजी कुत्ता कुछ दूरी पर रुक गया। अनुज पुत्र रामवीर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
---------
मां का सहारा था राजीव
रतनपुरी: राजीव अविवाहित था। उसके दो भाई हैं। बड़ा भाई सुधीर और छोटा अनुज है। राजवीर विधवा मां राजबीरी का एकमात्र सहारा था वही अपनी मां की देखभाल करता था। अन्य दोनों भाई शादीशुदा हैं और अलग रहते हैं।