आज इस मुहूर्त पर करें लक्ष्मी पूजन, बरसेगी कृपा Moradabad News
विधि विधान व मुहूर्त के अनुसार मनाएं दीपोत्सव। शाम छह बजकर 43 मिनट से शुरू होगा पूजन का मुहूर्त।
मुरादाबाद। दीपोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। धनतेरस से भैया दूज तक पांच दिवसीय त्योहार की श्रंखला में रविवार 27 अक्टूबर को दीपावली है और मां लक्ष्मी की पूजा की जाएगी। दीपावली पर लक्ष्मी पूजन का मुहूर्त शाम छह बजकर 43 मिनट से रात आठ बजकर 14 मिनट तक रहेगा। प्रदोष काल मुहूर्त शाम पांच बजकर 40 मिनट से रात आठ बजकर 14 मिनट तक रहेगा। पौराणिक मान्यता के अनुसार मां लक्ष्मी अपने भक्तों की धन से जुड़ी हर तरह की समस्या दूर करती हैं। इतना ही नहीं साधकों को यश और कीर्ति भी देती हैं।
नियमित धन प्राप्ति के लिए: मां लक्ष्मी के उस स्वरूप की स्थापना करें, जिसमें उनके हाथों से धन गिर रहा हो। चित्र के समक्ष घी का एक बड़ा सा दीपक जलाएं। इसके बाद उनको इत्र समर्पित करें। वृष, कन्या और मकर राशि वालों के लिए धन लक्ष्मी की पूजा विशेष लाभकारी होती है।
वैसे तो माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के और भी तरीके हैं। वेदों और महापुराणों में कई मंत्र उल्लेखित हैं लेकिन दीपावली में माता लक्ष्मी का आगमन अपने घर में या व्यावसायिक प्रतिष्ठान में कराना होता है। इसका उल्लेख श्री सूक्त के ऋग्वैदिक श्री सूक्तम के प्रथम ही श्लोक में है। इसका उच्चारण करें। महानिशीथ काल में लक्ष्मी पूजन मुहूर्त रात 11 बजकर 39 मिनट से रात 12 बजकर 30 मिनट तक रहेगा।
दीपावली पर माता लक्ष्मी की पूजा विधि विधान से करें। मुहूर्त शाम छह बजकर 43 मिनट से शुरू होगा और आठ बजकर 14 मिनट तक रहेगा। मां लक्ष्मी के मंत्रोच्चारण के साथ दीपावली का पूजन करें।
पंडित सतीश चंद्र खंडूरी, शक्ति लोक शिवालय, लोकोशेड।