स्कार्पियो कार पर 100 मीटर तक लटका रहा मजदूर, गिरते ही हो गई मौत Amroha news
टक्कर के बाद एक मजदूर स्कार्पियो कार पर 100 मीटर तक लटकता चला गया। नीचे गिरते ही उसकी मौत हो गई।
अमरोहा। टक्कर के बाद एक मजदूर स्कार्पियो कार पर 100 मीटर तक लटकता चला गया। नीचे गिरते ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है। थाना रजबपुर क्षेत्र के गांव बदौनिया निवासी महासिंह पुत्र साहब सिंह उर्फ सगुआ साइकिल पर सवार होकर खाता गांव में मजदूरी करने के लिए जा रहा था। खाता गांव के चौराहे पर जोया की तरफ से आ रही स्कार्पियो कार ने साइकिल में टक्कर मार दी। इससे साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई जबकि उस पर सवार मजदूर स्कार्पियो में फंसकर 100 मीटर तक लटकता चला गया। जैसे ही वह गिरा वैसे ही मौत हो गई। नजारा देखते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लाश देखते ही बेटे हरवीर सिंह, संजीत सिंह व बेटी कामनी, संतरेश तथा पत्नी चंद्रवती का रो रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक स्कार्पियो लेकर फरार हो गया।