घर में ही ऑफिस का मजा: मुरादाबाद में बढ़ा होम वर्कस्पेस का क्रेज, इंटीरियर में लोग करवा रहे ये 4 खास बदलाव
मुरादाबाद में घर से काम करने का चलन बढ़ने से लोग अपने घरों में ही ऑफिस जैसा वर्कस्पेस तैयार करा ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
सामान्य की जगह एर्गोनामिक चेयर लगवा रहे वर्कस्पेस में
वीडियो मीटिंग के लिए व्यवस्थित बैकग्राउंड की भी मांग
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। घर से काम करने की जरुरत वर्तमान में ट्रेंड का एक रुप बन चुका है। लोग घर में केवल काम करने की जगह नहीं, बल्कि आफिस जैसा वर्कस्पेस तैयार करा रहे हैं। आइटी, एमएनसी और डिजिटल मार्केटिंग से जुड़े लोग घर के किसी कमरे या हिस्से को काम के लिए अलग कर रहे हैं।
इंटीरियर डिजाइन में भी अब वर्कस्पेस को ध्यान में रखकर डिजाइन तैयार किए जा रहे हैं। प्राकृतिक रोशनी और हवा वाले कमरे से लेकर आरामदायक फर्नीचर और वीडियो मीटिंग के लिए उपयुक्त बैकग्राउंड तक का ध्यान रखा जा रहा है।
सिविल लाइंस निवासी सजल वर्मा आइटी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने घर में काम के लिए एक छोटा कमरा अलग कराया है। कमरे का इंटीरियर भी आफिस की जरूरत के अनुसार कराया गया है।
उनका कहना है कि घर में अलग वर्कस्पेस होने से काम के समय आफिस जैसा माहौल मिलता है और घर के दूसरे हिस्सों से काम को अलग रखना आसान होता है। उनके भाई हिमांशु वर्मा भी एमएनसी में काम करते हैं।
उन्होंने बताया कि घर से काम करते समय लंबे समय तक बैठना पड़ता है, इसलिए वर्कस्पेस में आरामदायक कुर्सी, पर्याप्त रोशनी और जरूरी सामान रखने की व्यवस्था पर ध्यान देना जरूरी है। बुध बाजार निवासी सुमित भटनागर डिजिटल मार्केटिंग का काम करते हैं।
उन्होंने भी घर में एक हिस्से को आफिस की तरह तैयार कराया है। उनका कहना है कि काम के लिए अलग जगह होने से ध्यान केंद्रित करने में सुविधा होती है। वीडियो मीटिंग को देखते हुए बैकग्राउंड और रोशनी का भी ध्यान रखा गया है।
छोटी जगह में भी आफिस जैसा लुक
इंटीरियर डिजाइनर कबीर ने बताया कि घर में वर्कस्पेस बनवाने वालों की जरूरत बदल रही है। लोग केवल टेबल और कुर्सी रखने के बजाय पूरे स्पेस को डिजाइन करा रहे हैं। वुडन पैनल, हल्के रंग, एर्गोनामिक चेयर और पर्याप्त लाइटिंग की मांग है। छोटे कमरे में दीवार से जुड़ी टेबल और वर्टिकल स्टोरेज के जरिये जगह का बेहतर इस्तेमाल किया जा रहा है।
वीडियो मीटिंग ने बढ़ाई बैकग्राउंड की जरूरत
हरथला के आर्किटेक्ट श्रेय अग्रवाल बताया कि वर्कस्पेस के लिए प्राकृतिक रोशनी और वेंटिलेशन वाले हिस्से को प्राथमिकता दी जा रही है। फर्नीचर इस तरह रखा जाता है कि कमरे में अनावश्यक भीड़ न लगे। वुडन पैनल थीम, साफ्ट लाइटिंग और व्यवस्थित बैकग्राउंड की मांग बढ़ी है। छोटे घरों में मल्टीपरपज फर्नीचर के जरिये भी वर्कस्पेस तैयार किया जा रहा है।
वर्कस्पेस में इन चीजों पर जोर
- आरामदायक फर्नीचर : लंबे समय तक काम के लिए एर्गोनामिक चेयर और सही ऊंचाई की टेबल
- प्राकृतिक रोशनी : खिड़की के पास या पर्याप्त रोशनी वाले हिस्से में वर्क टेबल
- वुडन पैनल : दीवार को आकर्षक और आफिस जैसा लुक देने के लिए
- स्टोरेज : कम जगह में फाइल, किताब और अन्य सामान रखने के लिए वर्टिकल स्टोरेज
यह भी पढ़ें- ₹8.90 करोड़ का बीमा, किराये का मकान और रहस्यमयी मौत: मुरादाबाद में संभल जैसे 'मर्डर फॉर क्लेम' का शक!
