तेंदुए की दहाड़ सुनकर खेत में बेहोश हो गई महिला, शोर मचने पर लाठियां लेकर दौड़े ग्रामीण
Leopard in Moradabad तेंदुए के खौफ से बाहर निकलने से कतराते हैं लोग। वन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।
मुरादाबाद, जेएनएन। तेंदुए के आतंक का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को छजलैट थाना क्षेत्र में तेंदुए की दहाड़ से एक महिला जहां बेहोश होकर खेत में गिर गई, वहीं पशु गन्ने के खेतों में पशु कंकाल मिलने से ग्रामीणों के होश फाख्ता हो गए। वाकये से वन विभाग को अवगत कराने के बाद ग्रामीण लगातार पहरा दे रहे हैं। शाम ढलने के साथ ही ग्रामीण घरों में दुबकने को बाध्य हैं।
छजलैट थाना क्षेत्र के एदलपुर गांव निवासी हेतराम सिंह अपनी पुत्रवधू सरोज व पोते रिषीपाल के साथ करुला नदी के निकट खेत से चारा काटने गए थे। हेतराम सिंह व उनका पोता एक खेत में थे। जबकि सरोज पास के खेत में चारा काट रही थी। तभी अचानक सामने तेंदुआ आ गया। महिला को देख तेंदुए ने जोर की दहाड़ लगाई। तेंदुए की दहाड़ से खौफजदा महिला बेहोश होकर खेत में गिर गई। महिला की चींख व तेंदुए की दहाड़ से हक्का बक्का हेतराम सिंह ने घटना की जानकारी मोबाइल फोन के जरिए स्वजनों को दी। जंगल में तेंदए से घिरे होने की सूचना पर ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही तेंदुआ खेत में जा घुसा। तेंदुए की तलाश में ग्रामीण गन्ने की खेत में घुसे। ग्रामीणों के पांव तब अचानक ठिठक गए, जब उन्होंने खेत में पशु कंकाल देखा। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए ने किसी जानवर का शिकार किया है। उसी का कंकाल खेत में मिला है। इस बीच एक अन्य ग्रामीण ने तेंदुआ देखने का दावा किया। बताया कि जब वह दूध लेकर जा रहा था, तब गांव के समीप तेंदुआ गन्ने के खेत में घुसते हुए उसने देखा। ग्रामीणों ने तेंदुए द्वारा एक बछड़े को निवाला बनाने का दावा किया। ग्रामीणों ने वन विभाग पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि डर व खौफ में ग्रामीण शाम ढलते ही घरों में दुबक रहे हैं। इस बावत डीएफओ कन्हैया पटेल ने कहा कि सूचना पर विभागीय कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। ग्रामीणों के दावे की तहकीकात हो रही है। ग्रामीणों को सजक व सतर्क रहने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि तेंदुए का मूवमेंट हो सकता है। ऐसे में बच्चों व पशुओं को सुरक्षित रखें।