विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद के 5000 करोड़ के कारोबार पर अमेरिकी टैरिफ की टेंशन! जानिए कैसे संकट के बीच छिपा है बड़ा मौका

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:09 AM (IST)

अमेरिका के नए शुल्क प्रस्ताव से मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यातकों की चिंता बढ़ गई है, जिससे सालाना 5000 करोड़ रुपये के अमेरिकी निर्यात पर असर पड़ सकता है।  

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. अमेरिका ने भारत समेत 14 देशों पर 25% शुल्क प्रस्तावित किया।

  2. मुरादाबाद से अमेरिका को सालाना 5000 करोड़ का निर्यात।

  3. भारत को व्यापार समझौते पर 17% शुल्क का लाभ संभव।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई शुल्क नीति ने मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यातकों की चिंता बढ़ा दी है। अमेरिकी व्यापार विभाग ने भारत समेत 14 देशों के उत्पादों पर 25 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, भारत अमेरिका के साथ व्यापार समझौता कर लेता है तो यह दर घटकर 17 प्रतिशत हो सकती है।

इस प्रस्ताव का सीधा असर मुरादाबाद के पीतल उत्पाद, एल्युमीनियम, आयरन, स्टील, लकड़ी के सजावटी सामान, टेबलवेयर और होम डेकोर के निर्यात पर पड़ सकता है। मुरादाबाद से अमेरिका को करीब पांच हजार करोड़ रुपये का सालाना निर्यात होता है। ऐसे में शुल्क की नई दरें लागू होने पर यहां के निर्यात कारोबार की प्रतिस्पर्धा और मुनाफे दोनों पर दबाव बढ़ सकता है।

ईपीसीएच चेयरमैन डॉ. नीरज विनोद खन्ना के अनुसार, मुरादाबाद का सालाना हस्तशिल्प निर्यात कारोबार करीब 12 हजार करोड़ रुपये का है। इसमें अमेरिका सबसे बड़े बाजारों में शामिल है। करीब तीन हजार निर्यात इकाइयों से जुड़े इस कारोबार से लगभग चार लाख लोगों को रोजगार मिलता है।

अमेरिकी बाजार में पीतल के सजावटी सामान, कैंडल होल्डर, लैंप, ट्रे, टेबलवेयर, गार्डन डेकोर, फर्नीचर और उपहार संबंधी उत्पादों की मांग है। वर्ष 2025-26 में अकेले अमेरिका को आर्ट मेटलवेयर का निर्यात 1625 करोड़ रुपये रहा। ऐसे में अमेरिकी शुल्क में मामूली बढ़ोतरी भी यहां के कारोबारियों की लागत और विदेशी ग्राहकों से मिलने वाले आर्डर प्रभावित कर सकती है।

चीन और वियतनाम से मुकाबले में मौका भी

अमेरिका के प्रस्ताव में भारत को व्यापार समझौते पर 17 प्रतिशत शुल्क की पेशकश की गई है। वहीं चीन के लिए समझौते की स्थिति में 20 और बिना समझौते के 40 प्रतिशत शुल्क प्रस्तावित है। बांग्लादेश के लिए यह दर क्रमश: 18 और 20 प्रतिशत तथा वियतनाम के लिए 20 और 35 प्रतिशत रखी गई है। कंबोडिया, मलेशिया और थाईलैंड को समझौते पर 18 प्रतिशत और बिना समझौते के 25 प्रतिशत शुल्क देना होगा।

दक्षिण कोरिया और यूरोपीय यूनियन के लिए समझौते की स्थिति में 15 प्रतिशत शुल्क का प्रस्ताव है। इस तुलना में भारत को अपने प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बढ़त मिल सकती है। मुरादाबाद के निर्यातकों के लिए यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि अमेरिकी खरीदार कीमत के आधार पर भारत, चीन, वियतनाम और बांग्लादेश की इकाइयों से माल खरीदने का फैसला करते हैं। निर्यातक नवेद खान के अनुसार, भारत को कम शुल्क का लाभ मिलता है तो विदेशी ग्राहक यहां की इकाइयों को अधिक आर्डर दे सकते हैं। इसके विपरीत 25 प्रतिशत शुल्क लागू होने पर उत्पाद महंगे होंगे और आर्डर दूसरे देशों की ओर जा सकते हैं।

जनवरी तक बातचीत का रास्ता खुला

अमेरिका की ओर से प्रस्तावित शुल्क तत्काल लागू नहीं किया जा रहा है। फेडरेशन आफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गनाइजेशंस (फियो) के अनुसार, सभी 14 देशों को अपना पक्ष रखने का समय दिया गया है। जनवरी तक इस पर बातचीत हो सकती है। तब तक मौजूदा शुल्क व्यवस्था जारी रहेगी।

यंग एंटरप्रिंयोर सोसायटी के चेयरमैन जेपी सिंह ने बताया कि वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि भारत ऐसा व्यापार समझौता करेगा, जिससे अमेरिकी बाजार में उसके निर्यातकों को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बढ़त मिले। नई पेशकश पर भारत के वाणिज्य विभाग की ओर से अभी आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।