गांव की पंचायत में निपट गया विवाहिता की मौत का मामला
संवाद सूत्र, बिलारी : क्षेत्र के मुड़िया राजा गाव में विवाहिता की मौत पंचायत के निर्णय के बाद
संवाद सूत्र, बिलारी : क्षेत्र के मुड़िया राजा गाव में विवाहिता की मौत पंचायत के निर्णय के बाद ठंडे बस्ते में चली गई। दरअसल संदिग्ध हालात में विवाहिता की जलकर मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालों ने पहले तो ससुरालियो पर जलाकर मारने का आरोप लगाया। बाद में गाव में बैठी पंचायत ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। इसके बाद शव सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
मूंढापांडे थानाक्षेत्र के खबरिया भूड़ गांव निवासी फूलजहा ने बताया कि उसकी बहन बबली (21) की शादी मुड़िया राजा निवासी इकरार हुसैन मलिक के साथ डेढ़ साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही बबली का पति मायके वालों से संबंध रखने को मना करता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा भी हुआ था। सोमवार सुबह सहसपुर निवासी उसके फूफा ने बबली की मौत की सूचना दी। मा मुन्नी, पिता इब्ने हसन व उसकी बहनें और भाई मुड़िया राजा आए। जहा इकरार ने उन्हें बताया कि बीती रात वह अपनी दवाई का पर्चा लेने गया था। जब वापस आकर देखा तो बबली जल रही थी। उसके अनुसार बबली ने स्वयं पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। मृतका की बहनों का कहना था कि बबली के पति व अन्य ससुरालियों ने बहन पर केरोसिन डालकर आग लगा दी है। जब तक पुलिस तक जानकारी पहुंचती उससे पहले ही गांव में पंचायत शुरू हो गई। दोनों पक्षों को बिठाया गया और समझौता करा दिया गया। समझौता किन शर्तों पर हुआ इसका पर्दाफाश आम लोगों के सामने नहीं किया गया।