फांसी के फंदे पर लटका मिला प्रेमी युगल का शव, ऑनर किलिंग की आशंका
मुरादाबाद। सम्भल में गुन्नौर थाना क्षेत्र में रविवार को सुबह प्रेमी युगल के शव सड़क किनारे एक
मुरादाबाद। सम्भल में गुन्नौर थाना क्षेत्र में रविवार को सुबह प्रेमी युगल के शव सड़क किनारे एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकते हुए मिले। कुछ लोगों ने युवक-युवती को फांसी के फंदे पर लटकते हुए देखा तो शोर मचा दिया। शोर शराबा सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शव फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है।
थाना क्षेत्र के गांव कल्हा निवासी रामप्रकाश का बेटा सुरेश शनिवार को शाम अपने रिश्तेदार के गांव भुन्ना नगला गया था। देर होने के चलते रात में सुरेश गांव में ही रुक गया। रविवार को सुबह कुछ लोग खेतों की तरफ आए तो सड़क किनारे गांव के बाहर एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर युवक और युवती को लटकता देख शोर मचा दिया। शोर शराबा सुनकर ग्रामीण मौके की तरफ दौड़ पड़े। जानकारी होने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतार कर अपने कब्जे में कर लिया। घटना की जानकारी होने पर प्रेमी युगल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक के परिजनों ने युवती के परिजनों पर दोनों की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने को आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कुछ लोग इसे आत्महत्या भी बता रहे हैं। इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई थी।