अतिक्रमण के चलते टांडा में जाम का जाम गंभीर समस्या
मुख्यमार्ग पर पूरे दिन लगने वाले जाम से किसी भी तरह निजात नहीं मिल पा रही है। जाम की समस्या लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही है। रविवार को भी अतिक्रमण के चलते मुख्यमार्ग पर दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी लाइन से कई घंटे जाम लगा रहा।
मुरादाबाद : रामपुर जिले के टांडा में मुख्यमार्ग पर पूरे दिन लगने वाले जाम से किसी भी तरह निजात नहीं मिल पा रही है। जाम की समस्या लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही है। रविवार को भी अतिक्रमण के चलते मुख्यमार्ग पर दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी लाइन से कई घंटे जाम लगा रहा। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
टांडा में मुख्यमार्ग पर अतिक्रमण के चलते रोजाना घंटों जाम लगना आम बात हो गई है। दैनिक यात्रियों, स्कूल कालेज जाने वाले छात्रों, गर्भवती महिलाओं, रोगियों, दिल्ली-नैनीताल आने-जाने वाले पर्यटकों तथा आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पालिका द्वारा कुछ समय पूर्व जाम की समस्या से निजात दिलाने को व्यापार मंडल तथा पुलिस के प्रयास से सुलझाने का प्रयास किया था। कुछ समय तक काफी अच्छा चलता रहा। पालिका कर्मचारियों व पुलिस की सख्ती के चलते अतिक्रमणकारी भी पीछे हट गए, जिससे जाम लगना कम हो गया था। पुलिस ने भी कुछ दिनों तक चौराहे पर तैनात रहकर जाम से छुटकारा दिलाने का प्रयास किया था। वर्तमान में पुलिस तथा प्रशासन की लापरवाही के चलते फिर से पुरानी स्थिति बन गई है। टांडा-बाजपुर मुख्यमार्ग पर रोजाना घंटों जाम लगना आम बात हो गई है। विशेषकर पुराना स्टेट बैंक चौराहा जिस पर फलों के ठेलों की भरमार है।
रविवार को दोपहर अतिक्रमण के चलते मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगने से दैनिक यात्रियों व पर्यटकों को कई घंटे-घंटे जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। पालिकाध्यक्ष महनाज जहां का कहना है कि मुख्यमार्ग पर नखासा व मुर्गा मार्केट आदि तो नहर पर शिफ्ट कर दी गई हैं। मछली बाजार को भी नहर किनारे शिफ्ट किए जाने का प्रयास चल रहा रहा है। शीघ्र ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।