रंजिशन भिड़े दो पक्ष, आठ लोग जख्मी
मुरादाबाद : अमरोहा के जोया में शुक्रवार की सुबह रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए।
मुरादाबाद : अमरोहा के जोया में शुक्रवार की सुबह रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
काफी दिनों से चल रही है दुश्मनी
अमरोहा के जोया में रहने वाले जमशेद व शाहिद के बीच काफी समय से रंजिश चली आ रही है। इसे लेकर पहले भी दोनों पक्षों में भिड़ंत हो चुकी है। हालांकि मामला बढ़ने पर आसपास के लोग अक्सर बीच-बचाव कर मामले को शांत करा देते थे लेकिन शुक्रवार को बात फिर से आगे बढ़ गई।
दिन निकलते ही तनाव
दिन निकला था और सभी रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे। इसी दौरान मुहल्ला इकबाल नगर में जमशेद और शाहिद में फिर से कहासुनी हो गई। बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। देखते ही देखते दोनों के परिजन भी पहुंच गए। दोनों पक्षों में लाठियां चलने के साथ पथराव भी शुरू हो गया।
मच गई अफरातफरी
विवाद के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पहले तो खुद को घरों में बंद कर लिया लेकिन मामला बढ़ता देख वे बाहर आए और पुलिस को घटना की सूचना दी, लेकिन तक तक दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो चुके थे।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को समझा-बुझाकर मामले को किसी तरह शांत कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।