महिला थाना बना अखाड़ा, कांस्टेबल और होमगार्ड में मारपीट
सुबह आठ बजे महिला थाने में खाकी की मर्यादा तार-तार हो गई।
मुरादाबाद :सुबह आठ बजे महिला थाने में खाकी की मर्यादा तार-तार हो गई। महिला कांस्टेबल और महिला होमगार्ड में धर्म विशेष पर टिप्पणी करने को लेकर विवाद हो गया। मामला यहां तक गर्माया कि दोनों ने एक दूसरे को थप्पड़ जड़ दिए। आरोप है कि महिला कांस्टेबल ने अपने सिपाही पति को भी महिला थाने में बुलाकर होमगार्ड को पिटवाया। होमगार्ड ने एसएसपी के सामने पेश होकर पूरे मामले की जानकारी दी, जिस पर कप्तान ने जांच रिपोर्ट मांग ली है।
पाकबड़ा थाने में तैनात सिपाही संतोष एक मुल्जिम को लेकर महिला थाने में ड्यूटी कर रही थी। पीड़ित महिला को लेकर महिला सिपाही धर्म विशेष पर टिप्पणी कर रही थी, जिसका विरोध महिला थाने में तैनात होमगार्ड रुखसार ने किया। इसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। देखते हुए देखते दोनों में थप्पड़ बाजी हो गई। महिला कांस्टेबल ने अपने सिपाही पति को मामले की जानकारी दी। महिला होमगार्ड का आरोप है कि कांस्टेबल के सिपाही पति ने महिला थाने में पहुंचकर उसके साथ मारपीट की। होमगार्ड का कहना है कि महिला इंस्पेक्टर पूरे प्रकरण को देखकर भी अनजान बनी रही। एसएसपी ने महिला होमगार्ड की शिकायत पर जांच रिपोर्ट मांग ली है। महिला इंस्पेक्टर रजनी द्विवेदी ने बताया कि घटना सुबह आठ बजे हुई है, उस समय वह अपने आवास पर थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर दोनों को समझाकर शांत कर दिया था। पूरे प्रकरण में होमगार्ड की लापरवाही उजागर हो रही है।
दो महिला होमगार्ड में चल रहा था विवाद
महिला होमगार्ड पहले भी कई विवादों से चर्चा में रह चुकी है। मैं महिला थाने में पीड़िता के साथ ड्यूटी दे रही थी, तभी दो महिला होमगार्ड में विवाद चल रहा था। बीच बचाव करने लगी तो होमगार्ड रुखसार ने थप्पड़ जड़ दिए। मेरी तबीयत खराब हुई तो पति को मेडिसन लेकर बुलवाया था। मेरे पति और मैंने थाने में कोई मारपीट नहीं की है। संतोष देवी, महिला कांस्टेबल।
विरोध किया तो मारपीट करने लगी
महिला कांस्टेबल ने धर्म विशेष पर टिप्पणी की है, जिसका विरोध किया तो मारपीट करने लगी। उसके बाद अपने पति को बुलाकर दोनों ने मिलकर मारपीट की है। एसएसपी ने शिकायत के बाद निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। रुखसार, महिला होमगार्ड।
अफसरों से शिकायत की तो बर्खास्त करा दूंगी..
मुरादाबाद : होमगार्ड रुखसार का कहना है कि महिला इंस्पेक्टर ने कहा कि अफसरों से शिकायत की तो तुझे बर्खास्त करा दूंगी। यहां तक कहा गया कि एससी एसटी एक्ट का मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। साथ ही थाने के एक कमरे में भी बंद कर दिया गया था। पीड़िता ने कप्तान को पूरे घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी दी।
थाने में मारपीट के बनने लगे थे वीडियो
थाने में महिला कांस्टेबल और होमगार्ड ने एक दूसरे को थप्पड़ जड़े तो सहकर्मी पुलिसकर्मी बीच बचाव करने के बजाए मोबाइल में इस सीन को कैद करने में जुट गई थीं। हंगामा देखकर वहां से गुजर रहे लोगों ने भी अपने मोबाइल से वीडियो बनाई है। हालांकि अभी तक किसी ने वीडियो को सोशल साइट्स पर नहीं अपलोड किया है।
महिला थाने में शर्मसार हुई खाकी
अनुसासन के नाम से जानी जाने वाली पुलिस ने महिला थाने में खाकी को शर्मसार कर दिया। महिला कांस्टेबल और महिला होमगार्ड ने एक दूसरे को थप्पड़ ही नहीं मारे, बल्कि बाल पकड़कर घसीटा भी। सबसे अहम बात यह है कि पास में एएसपी की ऑफिस है, जबकि महिला थाना इंस्पेक्टर के मौके पर होने की बात भी कही जा रही है। उसके बावजूद भी मामले को थाने स्तर पर नहीं निपटाया गया है।