कनाडा में फेरे, भारत में पढ़े गए मंत्र
मुरादाबाद (सौरभ सक्सेना) : हिंदुस्तान की संस्कृति और सभ्यता से अगाध प्रेम का परिचय दे रही है कनाडा क
मुरादाबाद (सौरभ सक्सेना) : हिंदुस्तान की संस्कृति और सभ्यता से अगाध प्रेम का परिचय दे रही है कनाडा के टोरंटो शहर में हो रही एक शादी। इसके गवाह बने हैं भारत में बैठे लोग। इसमें दूल्हा-दुल्हन टोरंटो में, फेरे भी वहीं, लेकिन मंत्रोच्चारण भारत से हुआ। वह भी मोबाइल फोन पर वीडियो कॉलिंग के जरिए।
ये है पूरा मामला
पीलीभीत शहर के मुहल्ला आसफजान निवासी रीता शर्मा और बदायूं जनपद के दबतोरी क्षेत्र के गाव जलालपुर निवासी कमल शर्मा काफी समय पहले टोरंटो में जाकर बस गए थे। सम्भल के चन्दौसी में भी उनके कुछ रिश्तेदार रहते हैं, इसलिए गाव समेत यहा भी कभी-कभी आना-जाना लगा रहता है। कमल शर्मा की तीन संतानों में बड़े बेटे प्रदीप शर्मा की शादी कनाडा में ही रहने वाली फरिज्मा अहमद के साथ बुधवार को हो रही है। दोनों टोरंटो की ही एक कंपनी में नौकरी करते हैं। चूंकि दूल्हा-दुल्हन विदेश में रहते हैं लेकिन कमल और रीता शर्मा चाहते थे कि उनकी शादी हिंदुस्तानी रीति रिवाज के साथ हो। विदेश में ऐसा संभव नहीं हुआ तो उन्होंने इसके लिए तरकीब निकाली। रीता शर्मा के रिश्तेदार पं. आशुतोष मिश्रा ने इसका जिम्मा लिया। इसके बाद वीडियो कॉलिंग के जरिए हिंदुस्तान में ही मंत्रोच्चारण करके शादी कराने का फैसला लिया गया। बुधवार की रात करीब 11 बजे (कनाडा में दोपहर करीब डेढ़ बजे) पं. आशुतोष ने मंत्रोच्चारण के साथ कनाडा में बैठे वर-वधू के फेरे करवाए और हिंदू रीति रिवाज से विवाह संपन्न कराया।
चन्दौसी से लिए कपड़ों में सजी दुल्हन
जलालपुर से चन्दौसी की दूरी ज्यादा नहीं है और कमल व रीता शर्मा के कई रिश्तेदार भी यहां के विष्णुविहार में रहते हैं। इसलिए पिछले दिनों यहा आईं रीता शर्मा ने चन्दौसी से ही दुल्हन और अन्य लोगों के लिए कपड़ों की खरीदारी की थी। रीता ने फोन पर बताया कि बुधवार को भारतीय रीति रिवाज से टोरंटो स्थित उनके घर में हल्दी की रस्म हुई, भात चढ़ाया और अन्य कार्यक्रम भी हुए। पंडित आशुतोष उनके रिश्तेदार भी हैं इसलिए फेरों के लिए उनसे मंत्र पढ़वाए गए। उन्होंने बताया कि शनिवार को उन्होंने अपने यहा रिसेप्शन भी रखा है, जिसमें स्थानीय परिचितों के अलावा उनके रिश्तेदार भी सम्मिलित होंगे।
वीडियो कॉलिंग के जरिए टोरंटो में होने वाले सात फेरों के लिए यहा से मंत्रोच्चारण करके शादी कराई गई है। कार्यक्रम में बाधा न पडे़ इसके लिए हाईस्पीड वाईफाई का बंदोबस्त किया गया। रीता रिश्ते में मेरी बहन लगती हैं। भारतीय संस्कृति से प्रेम होने के कारण हीं उन्होंने इस प्रकार का आयोजन किया है।
- पं. आशुतोष मिश्रा