चौतरफा जाम से बिलबिलाए स्कूली बच्चे
मुरादाबाद : सोमवार सुबह चार बजे से शहर में हुई बारिश से जलभराव हो गया। कुछ ही दिनों मे
मुरादाबाद : सोमवार सुबह चार बजे से शहर में हुई बारिश से जलभराव हो गया। कुछ ही दिनों में स्मार्ट सिटी बनने वाले मुरादाबाद के नाले जाम हो गए। दिन निकलते ही बारिश भी बढ़ गई। शहर की खुदी सड़कों पर कीचड़ हो गया। सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। खोदाई के कारण सड़क धंस रही थी, इस कारण लोगों ने उधर जाने का विचार त्याग दिया। फुटपाथ थी खुदे हुए थे लिहाजा मजबूरी में लोगों को सड़क पर आना पड़ा। सप्ताह का पहला दिन होने के कारण सड़कों पर जबरदस्त भीड़ थी। गलियां बंद होने के कारण चार पहिया और दो पहिया वाहनों की लाइन सड़क पर लग गई। 11 बजे बारिश बंद हुई तो लोग बड़ी संख्या में सड़क पर आ गए। महिला थाने से पीली कोठी और पीली कोठी से फव्वारा तक वाहन ही वाहन दिखाई देने लगे। देखते ही देखते जाम लग गया। सीओ ट्रैफिक और यातायात निरीक्षक के साथ यातायात उप निरीक्षक और यातायात नियंत्रित करने के लिए थाने की पिकेट भी सड़क पर आ गई। एक बार जो यातायात बिगड़ा तो फिर संभलने का नाम नहीं लिया। सम्राट अशोक नगर गेट से सम्भल पुल तक वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। यातायात नियंत्रित कर रहे पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए। इसी बीच स्कूलों की छुट्टी हो गई। बच्चों के देर तक घर न पहुंचने पर मम्मियों की चिंता बढ़ गई। स्कूल और बस के स्टाफ को फोन कर जानकारी की। जाम के कारण बच्चे देरी से घर पहुंचे। दोपहर बाद तक जाम की स्थित सामान्य नहीं हो पाई।