बारिश से महानगर की सड़कें जलमग्न
मुरादाबाद : बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गई। घुटनों तक पानी भरे होने से राहगीर प
मुरादाबाद : बारिश से शहर की सड़कें जलमग्न हो गई। घुटनों तक पानी भरे होने से राहगीर परेशान रहे। एक घंटे की बारिश में ही जनजीवन प्रभावित हो गया। पॉश कालोनी से लेकर मुख्य बाजारों की सड़कों पर भी जलभराव हो गया। पानी भरने से सड़कों के गड्ढे दिखाई न देने से कई वाहन फंस गए। कई वाहन सवार तो गिरने से बचे।
कोर्ट रोड स्थित अशोक नगर में जलभराव हो गया। भूमिगत नाले से जल निकासी न होने के कारण बारिश में समस्या खड़ी हो जाती है। जीएमडी रोड पर भी घुटनों तक पानी भर गया। कांठ रोड का भी हाल बदतर था। स्टेट बैंक के सामने घुटनों तक पानी भर गया। यहां पर नाला न होने से बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है।
रामगंगा विहार की पॉश कालोनी में भी जलभराव से लोग घरों में कैद हो गए। नालियों की गंदगी बहकर सड़क पर आ गई। इससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। सबसे ज्यादा इस कालोनी के ए ब्लॉक में जलभराव हुआ।
इन क्षेत्रों में भी भरा पानी
पचपेड़ा में भी नाले की तलीझाड़ सफाई नहीं होने से सड़क पर कमर तक पानी भर गया। मकबरा की ओर से आने वाले नाले के कारण यहां पर जलभराव की समस्या अधिक है। चौमुखा पुल, कटरा बाजार में भी लोगों को जलभराव से जूझना पड़ा।
जरा सी बारिश से खुली पोल
एक घंटे की जरा सी बारिश ने एक बार नगर निगम की पोल खोल दी। जिसके चलते शहरियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव हो गया।