स्कूल से लौट रही छात्रा को जेई ने उठाया, गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : जल निगम के जेई और महिला लेखपाल का विवाद तूल पकड़ता जा रहा ह
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद :
जल निगम के जेई और महिला लेखपाल का विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि पुराने मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने के लिए जेई ने महिला लेखपाल की बहन को स्कूल से लौटते समय अगवा कर लिया। शोर मचाने पर छात्रा छूट कर घर लौट गई। परिवार के लोगों ने बदहवास हालत में छात्रा की आपबीती सुनकर सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने देर रात जेई को गिरफ्तार कर लिया है।
रेलवे हरथला कॉलोनी निवासी युवती का चयन दो साल पहले लेखपाल के लिए हुआ था। बुद्धि विहार कॉलोनी निवासी सचिन कुमार गौतम जल निगम में जूनियर इंजीनियर है। 22 फरवरी 2017 को कालोनी में सचिन कुमार गौतम ने महिला लेखपाल की पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर दौड़ी पुलिस को देखकर सचिन कुमार गौतम मौके से निकल गया। बाद में महिला लेखपाल की ओर से सचिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, इसमें सचिन ने अदालत से गिरफ्तारी पर स्टे ले लिया। लेखपाल का आरोप है कि उसके बाद भी सचिन लगातार घर पर आकर जान से मारने की धमकी दे रहा था। ड्यूटी के दौरान पर फील्ड में पहुंचकर धमकी दी, इसके खिलाफ डीएम से मामले की शिकायत की थी। इसके बाद सचिन ने मंगलवार को लेखपाल की छोटी बहन को पीली कोठी से जबरन बाइक पर बैठा लिया। छात्रा को अगवा कर सचिन मुकदमे में समझौते का दबाव बनाना चाहता था। शोर मचाने पर भीड़ जमा हुई तो छात्रा को छोड़कर जेई भाग निकला। बदहवास हालत में घर पहुंची छात्रा ने आपबीती सुनाई, जिस पर लेखपाल ने जेई के खिलाफ बहन को अगवा करने का मुकदमा दर्ज करा दिया। देर रात पुलिस ने जेई को उसके घर बुद्धि विहार से गिरफ्तार कर लिया।
---------
जल निगम के जेई सचिन गौतम का पहले से लेखपाल से विवाद चल रहा था। लेखपाल की बहन का स्कूल से लौटते समय सचिन ने अपहरण करने की कोशिश की। मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आशीष श्रीवास्तव, एसपी सिटी