'शिक्षक में होती है असीम ताकत...' मुरादाबाद पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया समाज को दिशा देने का गुरुमंत्र
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मुरादाबाद में शिक्षक एमएलसी चुनाव के समर्थन में आयोजित सम्मेलन में कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने वाले सबसे बड़े शक्ति केंद्र हैं।

एमएलसी चुनाव मुरादाबाद बरेली क्षेत्र के शिक्षक सम्मेलन में शिक्षकों को संबोधित करते उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक।
HighLights
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डा. हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में कार्यकर्ता सम्मेलन
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पढ़ाने का काम नहीं करता, बल्कि समाज और देश की दिशा तय करने में भी अहम भूमिका निभाता है। भारत की विरासत शिक्षकों के बल पर टिकी है।
शिक्षक हमेशा देने का काम करता है और अपने विद्यार्थी को आगे बढ़ते देखकर सबसे अधिक खुश होता है। यह बात उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को सिविल लाइंस स्थित पंचायत भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कही।
बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि शिक्षक में असीम ताकत होती है। दुनिया को बचाने और समाज को सही दिशा देने का काम शिक्षकों ने किया है। शिक्षक का योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके विचार और संस्कार विद्यार्थियों के माध्यम से पूरे समाज तक पहुंचते हैं।
सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य सतपाल सिंह सैनी, प्रदेश मंत्री व महानगर प्रभारी प्रमेंदर जांगड़ा, जिला प्रभारी डाॅ. विकास अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला और जिलाध्यक्ष आकाश पाल भी शामिल हुए।
इसके अलावा एमएलसी डाॅ. जयपाल सिंह व्यस्त, गोपाल अंजान, कुंवर महाराज सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता, रामपुर विधायक आकाश सक्सेना, विधायक ओम कुमार, महेंद्र खड़गवंशी और राजबाला सिंह सहित मुरादाबाद मंडल के विभिन्न जिलों के भाजपा पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. शेफाली सिंह समेत पार्टी के अन्यपदाधिकारियों ने भी सम्मेलन में भाग लिया।
