यूपी के इस जिले में भाजपा के चार में से तीन उम्मीदवारों पर दर्ज हो चुका है आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा
UP Election 2022 अमरोहा जनपद में यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के भाजपा के तीन प्रत्याशियों पर आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज हो गया है। हसनपुर व नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के बाद अमरोहा के प्रत्याशी राम सिंह सैनी पर कार्रवाई हुई है।
अमरोहा, जेएनएन। UP Vidhan Sabha Election 2022 : जिले में हसनपुर व नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों पर आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अब अमरोहा सीट से भाजपा प्रत्याशी राम सिंह सैनी पर भी कार्रवाई हुई है। डिडौली पुलिस ने मंगलवार को आचार संहिता उल्लंघन के मामले में भाजपा प्रत्याशी राम सिंह सैनी को नामजद करते हुए 15-20 समर्थकों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रविवार को हसनपुर पुलिस ने विधायक व हसनपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी रामसिंह सैनी व उनके अज्ञात समर्थकों पर आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके साथ ही नौगावां सादात विस सीट से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल पर भी रविवार को ही गजरौला थाने में आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। दोनों ने समर्थकों के साथ हसनपुर व गजरौला में जुलूस निकाला था। इस कार्रवाई के बाद मंगलवार को भाजपा के तीसरे प्रत्याशी भी आचार संहिता उल्लंघन में फंस गए हैं।
रविवार को अमरोहा विस सीट से भाजपा प्रत्याशी राम सिंह सैनी डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर गए थे। वहां पर लोगों ने उनका स्वागत किया था। बाद में गांव में जुलूस निकाला गया। इसकी वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई थी। एसपी पूनम ने इसका संज्ञान लिया तथा वीडियो के आधार पर डिडौली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया था। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी रामसिंह सैनी व 15-20 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ एसआइ धर्मपाल सिंह की तहरीर पर आचार संहिता व कोविड-19 अधिनियम के उल्लंघन के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।