UP By Election 2020 in Images : नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र में मतदान, तस्वीरों पर आप भी डालिए एक नजर
UP By Election 2020 in Images अमरोहा की नौगावां सादात विधानसभा सीट के लिए विभिन्न बूथों पर सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो गया। कुछ जगहों पर ईवीएम की वजह से दिक्कत आई। कई बूथों पर तो सुबह से ही लाइन लगी रही।
अमरोहा। UP By Election 2020 in Images। अमरोहा जिले की नौगावां सादात विधानसभा सीट पर चल रहे मतदान के लिए सुबह से ही मतदाताओं में काफी उल्लास नजर आया। काफी लोग सुबह से घरों से निकलकर बूथों पर पहुंच गए। शहर की तकरीबन सभी सड़कों पर लोग मतदान के लिए वाहनों से आते-जाते नजर आए। तस्वीरों पर एक नजर...
गजरौला के गांव भिकनपुर शुमाली में ईवीएम खराब होने के कारण मतदाताओं को इंतजार करना पड़ा। इस दौरान खड़े-खड़े जब कुछ वोटरों के पैर में दर्द होने लगा तो वे आराम की मुद्रा में आ गए और वहीं पर बैठ गए। कुछ देर बाद मशीन सही होने पर उन्हें राहत मिली।
मतदान के लिए दिव्यांगों में भी उत्साह नजर आया। गांव अम्हेढ़ा पोलिंग बूथ पर दिव्यांग तौफीक आलम भी मतदान के लिए पहुंचे। इस दौरान पोलिंग बूथ पर तैनात कर्मी उनकी मदद करते हुए नजर आए। इसी तरह से कुछ अन्य दिव्यांग भी स्वजनों के साथ पहुंचे।
नौगावां सादात क्षेत्र के गांव मुबारकपुर कला में 10:30 बजे मतदान केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि कर्मचारी मुस्तैद दिखाए दिखाई दिए। बूथ पर पुलिस भी तैनात रही। दरअसल यहां के लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर रखा है। अधिकारी उन्हें मनाने में लगे हैं।
सिहाली जागीर में मतदान बूथ के बाहर एक युवक अनावश्यक रूप से खड़ा था। इस पर प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने उसे हड़काया। बिना वजह खड़े न होने की हिदायत दी। पुलिस की सख्ती की वजह से लोग मतदान कर सीधा घर के लिए निकल पड़े।
जोया के गांव अम्हेढ़ा पोलिंग बूथ का सीडीओ चंद्र शेखर शुक्ला निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भी थर्मल स्क्रीनिंग कराई। आशा नगमा ने उनकी स्क्रीनिंग की। सीडीओ ने दौरा कर बूथों पर व्यवस्थाएं देखीं और तैनात कर्मियों से जानकारी ली।
गांव लिसदी बुजुर्ग बूथ का जायजा लेने के लिए एडीजी बरेली अविनाश चंद्र और अन्य अधिकारी भी पहुंचे। उन्होंने बूथ पर व्यवस्थाएं देखीं। कर्मियों से जानकारी ली और सचेत रहने के लिए कहा।