आचार संहिता लगते ही हटाए जाने लगे राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स, आज भी चलाया जा रहा अभियान
करीब 100 से अधिक होर्डिंग्स फ्लेक्सी हटाए। लेकिन पहले दिन पूरी तरह पूरे शहर से नहीं हट पाए हैं। ऐसे में आज भी सुबह दस बजे से पूरे शहर में चार टीमें अभियान में जुटी हुईं हैं। गलियों से लेकर हाईवे से राजनीतिक पार्टियों की प्रचार-प्रसार सामग्री हटाई जाएगी।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। उप्र में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगते ही राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स, बैनर, फ्लेक्सी पर चुनाव आयोग का चाबुक चलने लगा। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने पहले दिन मुख्य मार्गों, चौराहों से होर्डिंग्स, बैनर, फ्लेक्सी हटाए। करीब 100 से अधिक होर्डिंग्स, फ्लेक्सी हटाए। लेकिन, पहले दिन पूरी तरह पूरे शहर से नहीं हट पाए हैं। ऐसे में आज भी सुबह दस बजे से पूरे शहर में चार टीमें अभियान में जुटी हुईं हैं। गलियों से लेकर, हाईवे से राजनीतिक पार्टियों की प्रचार-प्रसार सामग्री हटाई जाएगी।
शनिवार को अभियान के दौरान पीलीकोठी, अटल पथ से पीएसी, कांठ रोड, दिल्ली रोड, रामपुर रोड, बुध बाजार, सर्किट हाउस, नागफनी क्षेत्र, सिविल लाइंस क्षेत्र समेत कई जगह सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह व अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह मौजूद रहे। दीवारों पर राजनीति पार्टियों के प्रचार-प्रसार को पुतवाया जाएगा। इसकी रिपोर्ट निर्वाचन आयोग भी भेजी जाएगी।
बिना अनुमति नहीं लगेगी प्रचार सामग्री : शहर में बिना अनुमति चुनाव प्रसार सामग्री नहीं लगेगी। निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन में जहां प्रचार प्रसार की सामग्री लगानी होगी, उसकी अनुमति जिला निर्वाचन अधिकारी से लेनी होगी। घरों पर किसी राजनीति पार्टियों की चुनाव प्रचार सामग्री को नहीं लगने दिया जाएगा।
शनिवार को आचार संहिता लगने के बाद से शहर के कुछ हिस्सों में होर्डिंग्स, फ्लेक्सी हटाए गए हैं। आज भी चार टीमों को गठित करके होर्डिंग्स हटवाए जा रहे हैं। चुनाव आयोग की गाइड लाइन का पूरा पालन किया जाएगा।
अनिल कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त