रिश्ते के चाचा ने युवक को गोली मारी, मुरादाबाद रेफर Amroha News
अमरोहा में कहासुनी के बाद रिश्ते के चाचा ने युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
अमरोहा। घर में बैठे युवक को रिश्ते के चाचा ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को मुरादाबाद रेफर किया गया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है।
यह है पूरा मामला
यह घटना मंगलवार दोपहर नोगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव भेड़ा भरतपुर की है। यहां पर किसान धर्मेंद्र सिंह का परिवार रहता है। उनका बेटा शिवांश सिंह दोपहर घर मे बैठा था। उसी समय धर्मेंद्र सिंह के मामा का बेटा छजराम सिंह निवासी गांव कुमराला थाना गजरौला वहां आ गया। उसकी परिजनों से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसी दौरान छजराम ने पास बैठे भतीज़े शिवांश को गोली मार दी। गोली लगने से वह खून से लथपथ होकर गिर गया। घटना को अंजाम देकर छजराम वहां से भाग गया।
परिवार में मचा हड़कंप
शिवांश के परिजनों में हड़कंप मच गया। पहले तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत बिगडऩे पर मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। थाना पुलिस भी जिला अस्पताल पहुच गई थी। तहरीर दे दी गई है। घटना के पीछे घरेलू विवाद बताया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने तहरीर में भी गोली मारने का कारण स्पष्ट नहीं किया है।