सम्भल में संविदा शिक्षक ने पहले युवती को फिर खुद को मारी गोली
Trying to kill in a love affair गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल अमरोहा भेजा अमरोहा से शिक्षक मेरठ तो युवती मुरादाबाद के साईं अस्पताल रेफर।
सम्भल, जेएनएन। असमोली थानाक्षेत्र के ग्राम चकिया में इंटर कालेज में संविदा पर तैनात शिक्षक ने धान की रोपाई कर रही 18 वर्षीय युवती को पहले गोली मारी फिर खुद को भी गोली मारकर घायल कर लिया। शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को लेकर अमरोहा जनपद के सीएचसी जोया गए। यहां से दोनों को जिला अस्पताल अमरोहा रेफर किया गया। हालत गंभीर देख अमरोहा के चिकित्सकों ने युवती को मुरादाबाद के लिए जबकि युवक को मेरठ रेफर किया। युवती को लेकर स्वजन मुरादाबाद के निजी अस्पताल साई पहुंचे। दोनों का इलाज जारी है। उधर पुलिस ने मामले की जांच की शुरू कर दी है। यह तथ्य सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और वह युवती को कई दिनों से परेशान कर रहा था।
यह है मामला
चकिया गांव निवासी स्वदेश (40) पुत्र अमर सिंह रविवार की सुबह साढे नौ बजे गांव के बाहर सलारपुर के कमल सिंह के खेत में पहुंचा। यहां पहले से ही चकिया गांव निवासी प्रियंका (18) अपने गांव की ही राजवती, मंजू, शबनम आदि के साथ धान के फसल की रोपाई कर रही थी। स्वदेश, प्रियंका के पास पहुंचा और बिना कुछ कहे उसके पेट में गोली मार दी। गोली आरपार निकल गई। तत्काल बाद ही उसने खुद को भी पेट में गोली मार ली। दोनों लहूलुहान होकर खेत में ही गिर पड़े। आसपास के लोग व स्वजन पहुंचे तो दोनों को सीएचसी जोया लेकर जाया गया। जहां से वह अमरोहा रेफर हुए। स्वदेश के स्वजन उसे लेकर मेरठ चले गए, उसकी हालत ज्यादा गंभीर है। जबकि युवती को लेकर स्वजन मुरादाबाद लेकर आए। युवती की स्थिति भी चिंताजनक है।
उधर मौके पर थाना प्रभारी रणवीर सिंह मयफोर्स पहुंचे। जबकि सूचना मिलने पर सीओ सम्भल अरुण कुमार सिंह भी पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रणवीर सिंह के अनुसार स्वदेश सतुपुरा के इंटर कालेज में संविदा शिक्षक है जबकि वह काफी समय से युवती को परेशान करता था। दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात भी सामने आई है। घायल युवती की बहन से जरूरी जानकारी एकत्रित की गई है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
चाचा गोली मत मारो मुझे..
जिस समय युवक ने तमंचा ताना था उस समय प्रियंका ने उसके पैर पकड़ लिए। वह एक ही बात दोहराती रही कि चाचा मुझे गोली मत मारो...लेकिन स्वदेश ने उसकी एक न सुनी और गोली चला दी। वह लहुलुहान गिरी हुई थी और तमंचा में दूसरी गाेली लोड कर उसने खुद के भी पेट पर चला दी। पुलिस ने तमंचा व खोखा बरामद कर लिया है। युवक गांव के रिश्ते में उसका चाचा लगता है।
रात में भी परेशान किया था
युवती की बहन ने पुलिस को बताया कि स्वदेश कई दिनों से परेशान करता था। शनिवार की रात में भी उसका रास्ता रोककर उससे बात करना चाह रहा था जबकि प्रियंका उससे बात नहीं करना चाहती थी। इससे वह नाराज था।