यात्रियों को छह रुपये में मास्क उपलब्ध करवाएगा रामपुर परिवहन निगम
सोमवार को सुबह 10 बजे से रोडवेज परिसर पर स्टॉल लगा कर इनकी बिक्री शुरू हो जाएगी। इससे बस में चढ़ने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
रामपुर। कोरोना के संक्रमण से बचाव के मद्देनजर परिवहन निगम द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब बस में बिना मास्क के चढ़ने वाले यात्रियों को विभाग द्वारा मास्क उपलब्ध करवाया जाएगा। सोमवार से इसका स्टॉल रोडवेज बस स्टैंड पर लगाया जाएगा। कोरोना महामारी ने देश भर में तबाही मचा रखी है। अपने रामपुर में भी रोज ही इसके तमाम रोगी सामने आ रही है।
प्रशासन की ओर से इसको लेकर सघन अभियान भी चलाया जा रहा है। जिसमें लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। वहीं प्रशासन बराबर इसको लेकर लोगों को जागरूक करने में लगा है। उन्हें बताया जा रहा है कि हर हाल में मास्क का प्रयोग करें। इस दिशा में परिवहन निगम ने भी अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अंतरजनपदीय बस सेवा चालू होने के चलते यात्रियों ने अब बसों में यात्रा शुरू कर दी है। विभाग द्वारा उनके हाथ सैनिटाइज करवा कर ही उन्हें बसों में प्रवेश करने दिया जा रहा है। इसके अलावा बिना मास्क पहने यात्रियों को बसों में नहीं बैठने दिया जा रहा है। ऐसे में उन यात्रियों के आगे समस्या खड़ी हो जाती है, जिनके पास मास्क नहीं हैं। इस समस्या के समाधान के लिए विभाग ने यह पहल की है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल वाष्र्णेय ने बताया कि केंद्रीय कार्यशाला, कानपुर में कपड़े के मास्क बनाए गए हैं। ये पूरी तरह वॉशेबल मास्क हैं। जिन्हें धोकर दोबारा प्रयोग में लाया जा सकता है। इन्हें नो प्रॉफिट नो लॉस के आधार पर पर यात्रियों को मात्र छह रुपये में उपलब्ध करवाया जाएगा।