Top Moradabad News of the day 05 november 2019, शाम पांच बजे तक की मुख्य खबरें एक नजर में
शाम पांच बजे तक की मुख्य खबरें एक नजर में
अब सींग की बोतल में पेयजल व शराब परोसेंगे पश्चिमी देशों के शौकीन
सम्भल के हड्डी व सींग से जुड़े कारोबारी अपनी कला को आधुनिकता की दौड़ में न केवल दौड़ा रहे हैं बल्कि तकनीक के गुर सीखकर आगे बढ़ रहे हैं। सींग का बीयर मग, सींग का चश्मा, सींग की सीटी, सींग का कंघा बनाकर विदेशों में सम्भल की छाप छोड़ चुके यहां के व्यवसायी अब सींग से बोतल बनाने में जुटे हैं। इस बोतल को लेकर पश्चिम देशों से बड़े स्तर पर डिमांड हुई तो यहां के कारीगर समय से पहले ही इसकी आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुट गए हैं।
कोतवाली में बोला पति-साहब पत्नी रोज पीटती है, उसके साथ नहीं रहूंगा
अमरोहा की डिडौली कोतवाली में पति ने कहा कि साहब मैं पत्नी के साथ नहीं जाऊंगा, वह मेरी पिटाई करती है। रिश्तेदारों के माध्यम से पुलिस दोनों पक्षों में सुलह कराने के लिए प्रयास कर रही है। मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां का एक किसान अपनी बीवी से विवाद के चलते छह साल पहले घर छोड़कर हाईवे स्थित गांव बुढऩपुर में किराए के मकान में रहने लगा। वह सिर्फ खेतीबाड़ी देखने गांव जाता है। इस दौरान किसान की पत्नी ने बेटी की शादी कर दी।
मुस्लिम समाज के लिए मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कही ये बात
प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा है कि विधानसभा उपचुनाव में रामपुर के मुसलमानों ने भाजपा में विश्वास जताया है। यह बात रामपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेशभर में गूंज रही है। पार्टी भी उनके सुख-दुख में हमेशा उनके साथ रहेगी। वह रंगोली मंडप में हुई भाजपा की धन्यवाद जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने कार्यों से सिद्ध कर दिया है कि वह किसी भी धर्म या जाति विशेष की पार्टी नहीं है।
तिगरी मेला के लिए 20 ट्रेनें रुकेंगी गढ़मुक्तेश्वर व कांकाठेर स्टेशन पर
कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले तिगरी मेला के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंडल रेल प्रशासन ने गढ़मुक्तेश्वर व कांकाठेर स्टेशन पर बीस ट्रेनों के ठहराव करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा है। इसके अलावा राजघाट व बालावाली स्टेशन पर भी विशेष व्यवस्था होगी। 10 से 12 नवंबर तक तिगरी मेला लगने जा रहा है। इसमें देश भर से लोग पहुंचते हैैं। मंडल रेल प्रशासन ने 10 से 13 नवंबर तक गढ़मुक्तेश्वर व कांकाठेर स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा है।
कारगिल युद्ध नहीं केवल संघर्ष,रक्षा मंत्रालय ने आरटीआइ के सवालों का दिया जवाब
सेना के शौर्य, पराक्रम से कारगिल युद्ध में जीत मिली थी। यह युद्ध नहीं सिर्फ संघर्ष था। ऐसा हम नहीं सेना मानती है। सूचना के अधिकार में रक्षा मंत्रालय ने जवाब दिया है। भारतीय सेना ने 1999 में कारगिल की पहाडिय़ों में अपने पराक्रम का प्रदर्शन किया था। भारतीय सेना के पराक्रम से घबराकर घुसपैठियों के रूप में आए पाकिस्तानी सैनिकों को भागना पड़ा था। इस लड़ाई में बोफोर्स तोप के साथ ही मिग विमानों ने अपनी ताकत दिखाई थी। दो माह तक चली लड़ाई के बाद कारगिल की पहाडिय़ों को घुसपैठियों से मुक्त करा लिया गया।