मुंबई बेचने के लिए ले जा रहे थे एक करोड़ की कीमत का दोमुंहा सांप, पुलिस ने पकड़ा
भारत, ईरान और पाकिस्तान में पाए जाने वाले दोमुंहा (रेड सैंड बोआ) सांप की तस्करी में तीन पकड़े गए।
मुरादाबाद : भारत, ईरान और पाकिस्तान में पाए जाने वाले दोमुंहा (रेड सैंड बोआ) सांप की मुरादाबाद से भी तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने वन विभाग की टीम के साथ तीन तस्करों को एक करोड़ से ज्यादा की कीमत के दोमुंहा सांप के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों मुंबई में सांप बेचने के लिए जा रहे थे। वजन के हिसाब से बिकने वाले सांप की कीमत प्रति किलो एक करोड़ रुपये बताई गई है। सांप ढाई फीट का है और इसका वजन एक किलो से अधिक बताया गया है। सूचना के बाद पुलिस ने लगा दी थी टीम
प्रेस कांफ्रेंस में एसएसपी जे रविन्दर गौड ने बताया कि भगतपुर से मुंबई और गुजरात के लिए दोमुंहा सांप की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने टीम लगा दी। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर राजेंद्र पुंडीर और वन रक्षक नेमपाल कर रहे थे। सोमवार दोपहर में नोमान, साकिब और अजीम निवासी रेलवे स्टेशन भोजपुर को दौलपुरी बमनिया तिराहे से दबोच लिया। तीनों के पास से एक दोमुंहा सांप मिला है। पूछताछ में तीनों ने बताया कि सांप को मुंबई बेचने के लिए ले जा रहे थे। ढाई फीट लंबे एक किलो से ज्यादा वजन के सांप की कीमत एक करोड़ से ज्यादा बताई गई है। पिछले काफी दिनों से दोमुंहा सांप की तस्करी कर रहे हैं। उन्होंने सांप को भगतपुर के एक तालाब से पकड़ा है। हालांकि पुलिस अभी आरोपितों की बातों पर भरोसा नहीं कर रही है। उनसे सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, खाड़ी देशों में माना जाता है कि रेड सैंड बोआ सांप का मांस तथा रक्त का सेवन करने से व्यक्ति की सभी बीमारियां दूर हो जाती हैं। साथ ही व्यक्ति मृत्यु तक जवान रहता है।