भाजपा ने यूपी में महागठबंधन को पराजित करने की बनाई रणनीति
मुरादाबाद में भाजपा चुनाव संचालन समिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को संवाद और संपर्क बढ़ाने की हिदायत दी गई। सबका साथ सबका विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाने का फैसला लिया गया।
मुरादाबाद [प्रेमपाल सिंह] ।लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने लगभग आठ माह का अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत पश्चिम क्षेत्र के मुरादाबाद मंडल के जिलों के सांसदों, विधायकों एवं पदाधिकारियों की बैठक से हुई। पंचायत भवन सभागार में बुधवार को आयोजित बैठक में देश में भाजपा के चुनाव अभियान का नेतृत्व करने वाले राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र सिंह यादव भी शामिल हुए। चार घंटे तक चली इस बैठक में विपक्ष के महागठबंधन से निपटने की रणनीति तय की गई। मुरादाबाद मंडल की सभी पांच लोकसभा सीटें जीतने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी भी सौंपी गईं।
मंडल के प्रमुख पदाधिकारी रहे शामिल
दो सत्रों में हुुई भाजपा की इस महत्वपूर्ण बैठक में मुरादाबाद, रामपुर, सम्भल, अमरोहा, नगीना के सांसद एवं सभी विधायक तथा संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। लोकसभा क्षेत्रों के प्रभारी एवं चुनाव संचालन समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव अभियान की दिशा तय की गई। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय ने चुनाव अभियान के लिए 24 सूत्रीय एजेंडा प्रस्तुत किया, जिस पर मनोयोग से काम करने को कहा गया।
नरेंद्र मोदी विकल्प और एकमात्र जीत का चेहरा
बैठक में अवगत कराया गया कि आठ माह के प्री इलेक्शन अभियान से लोकसभा चुनाव की सफलता के लिए सीढ़ी तैयार की जाएगी। 2019 में भी मोदी ही जीत का चेहरा होंगे। पाठक ने बताया कि नरेंद्र मोदी लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं, जिनका कोई विकल्प विपक्ष के पास नहीं हैं। मोदी पर जनता का भरोसा है। भरोसे और विश्वास पर अगला प्रधानमंत्री कौन होगा, इसका चुनाव होना है। विजय बहादुर पाठक ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि 30 सितंबर तक सभी क्षेत्रों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। विधानसभा के चुनाव में जो लोग पार्टी के विमुख हो गए थे उन्हें भी जोड़ा जाएगा।
मतदाता से कायम करेंगे संवाद और संपर्क
राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने इस विशेष रूप से जोर दिया कि भाजपा का हर कार्यकर्ता अगले चुनाव में निजी बातों को किनारे रखकर सिर्फ पार्टी की सफलता को लक्ष्य बनाएगा। पार्टी की जीत में ही सबकी जीत है। बैठक में बताया गया कि प्रदेश के अन्य सभी मंडलों में मुरादाबाद की तरह ही दो अक्टूबर तक 18 बैठकें होनी हैं, जिसमें जीत का लक्ष्य तय होगा। पिछली बार की तरह ही 73 लोकसभा सीटों पर जीत का रिकार्ड तोडऩे के लिए रणनीति बनेगी। बैठक में विपक्ष को चुनौती मानते हुए इसके लिए प्रत्येक बूथ पर 51 फीसद वोट प्राप्त करने के लिए संपर्क और संवाद कायम करने पर सहमति बनी। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से खुले मंच पर चर्चा की और तय किया कि संपर्क और संवाद के लिए जनता के बीच जाएं। लोगों को केंद्र व राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताएं। योजनाओं का लाभ लेने वालों के पास कार्यकर्ता जरूर पहुंचें।
सबका साथ सबका विकास होगा जीत का मंत्र
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं पश्चिम क्षेत्र के प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने पत्रकारों को बैठक में हुई चर्चा के बारे में जानकारी दी, लेकिन एससी-एसटी एक्ट से जुुड़े सवालों पर कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा तो सबका साथ सबका विकास चाहती है। यही जीत का मंत्र भी होगा। भाजपा गेयरअप में है और 2019 की तैयारियों को लेकर संजीदा है। उन्होंने बताया कि बैठक में 28 फरवरी तक होने वाले कार्यक्रमों की योजना एवं रचना पर चर्चा की गई। जनसंपर्क, बैठकों के लिए किस मोर्चा एवं प्रकोष्ठ को जिम्मेदारी मिली है, इसका ड्राफ्ट बनाया गया। पांचों लोकसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने इन सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की बात कही है।