रामपुर में चोरों ने दो बंद मकानों का ताला तोड़कर समेट लिया 13 लाख का माल
Theft in Rampur रामपुर के दो अलग-अलग इलाकों में अकेली रहने वाली महिलाएं अपने मायके में गईं थीं। इसका फायदा उठाते हुए चोर ताला तोड़कर घर में दाखिल हो गए। घर से नकदी जेवर समेत कुल 13 लाख का माल पार कर दिया।
रामपुर, जेएनएन। शहर में चोरों ने दो बंद मकानों को निशाना बनाकर नकदी और जेवर समेत 13 लाख का माल समेट लिया। इनमें चोरी की एक वारदात गंज कोतवाली क्षेत्र में हुई।
गंज क्षेत्र के मुहल्ला घेर सरबदाल खां में गौहर बाबर अपने बच्चों के साथ रहती हैं। उनके पति बाबर खां का निधन हो चुका है। दो दिन पहले वह बच्चों के साथ मुरादाबाद मायके गई थीं। शनिवार को चोरों ने उनके बंद मकान के ताले तोड़ लिए। चोर घर में रखी नकदी और जेवर समेट कर ले गए। रविवार सुबह आसपास रहने वालों ने मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा तो उन्हें फोन पर जानकारी दी। वह वापस आईं। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि चोर 24 तौले सोने के जेवर और 20 हजार रुपये ले गए हैं। चोरी माल की कीमत 12 लाख से ज्यादा है। पुलिस को सूचना दे दी है।
उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र में भी चोरों ने राजस्व कर्मी की बहन के घर से नकदी और जेवर समेत एक लाख का माल साफ कर दिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कोतवालान आम वाली मस्जिद में रहने वाली जाकरा बेगम के पति असलम खां का निधन हो चुका है। उनका मायका शाहबाद का है। कुछ समय से वह मायके में रह रही थी। उनके भाई राजस्व कर्मी फरीद खां मकान की देखभाल करते थे। वह अक्सर बीच-बीच में यहां आ जाते थे। शनिवार को भी वह रामपुर आए थे, लेकिन बहन के घर रुकने के बजाय अपनी ससुराल पुराना गंज चले गए। रविवार सुबह 10 बजे वह बहन के घर आए तो कमरों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा था। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले वह यहां आए थे तो सब ठीक था। इसी दौरान चोरी की घटना हुई है। चोर 11 हजार रुपये, एक सोने का सेट, अंगूठी आदि सामान और कागजात ले गए हैं। सोने के जेवर करीब दो तौले वजन के थे। चाेरी की सूचना पुलिस को दे दी है।