Rising water level: लगातार बढ़ रहा है नदी का जलस्तर, फसलें हो रहीं बर्बाद Moradabad News
नदी का जलस्तर बढऩे से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई प्रकार की फसल जलस्तर बढऩे से बर्बाद हो गई हैं।
मुरादाबाद,जेएनएन। पर्वतीय क्षेत्र में बारिश से अचानक ढेला नदी का जलस्तर बढ़ गया। नदी के तट पर लगी सैकड़ों बीघा पालेज समेत सब्जी के खेत बर्बाद हो गए हैं।तहसील क्षेत्र में ढेला नदी के किनारे ग्राम मानपुर, पीलकपुर, प्रतापपुर, बथुआखेड़ा समेत दर्जनों गांव के किसानों ने तरबूज खरबूजा की पॉलेज के साथ लौकी तुरई करेला समेत सब्जियां लगा रखी है। फसल तैयार होने पर किसान सब्जियां बाजार में बेच रहे हैं। इस बीच अचानक पहाड़ी क्षेत्र में बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया।
पानी ने नदी के दोनों तरफ तट पर लगी फसलों को बर्बाद कर दिया। पंडित आशुतोष कुमार, सुनील और रामबाबू के अनुसार नदी का जलस्तर बढऩे पर किसानों को भारी नुकसान हुआ है। तरबूज खरबूजा के साथ तोरीए लौकी और करेले की फसल नष्ट हो गई है। मैंथा की फसल के लिए भी बारिश और बढ़ता जलस्तर परेशानी का सबब बना हुआ है। किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें हैं। बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। किसानों का कहना है कि अगर उनकी फसल पानी की वजह से बर्बाद हो गई तो आने वाले दिनों में घर चलाना मुश्किल हो जाएगा। किसानों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।