रामपुर में रात में पहुंचा चमगादड़ों का झुंड, आवाज सुनकर सहम गए लोग
चीन के वुहान में चमगादड़ों से कोरोना वायरस फैलने की चर्चा से लोग पहले से ही खौफजदा हैं। अब रामपुर में भी चमगादड़ों के झुंड आ गए हैं।
रामपुर, जेएनएन। चीन के वुहान में चमगादड़ों से कोरोना वायरस फैलने की चर्चा से लोग पहले से ही खौफजदा हैं। अब रामपुर में भी चमगादड़ों के झुंड आ गए हैं।
सोमवार को फोटो चुंगी के सामने श्रम विभाग के कार्यालय परिसर में पेड़ों पर चमगादड़ लटके हुए थे। इससे आसपास रहने वाले लोग डरे हुए हैं। कार्यालय के पास ही रहने वाले अधिवक्ता हिदायत अली ने बताया कि रविवार तक यहां चमगादड़ नहीं थे, लेकिन रात में अचानक कहीं से चमगादड़ों का झुंड आ गया और यहां पेड़ों पर डेरा डाल दिया। रात भर उनकी चीखने की आवाज सुनकर लोग छतों पर आ गए। सोमवार को दिन के उजाले में लटके हुए चमगादड़ देखकर सभी डरे हुए हैं। दिन में भी इनके चीखने की आवाजें सुनाई देती रहीं। दुनियाभर में दहशत फैलाए कोरोना वायरस को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अब रामपुर के लोग चमगादड़ से भी खौफ खाने लगे हैं।
डरने की नहीं है जरूरत
राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जंतु विज्ञान की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. बेबी तबस्सुम का कहना है कि ऐसे में चमगादड़ से डरने की जरूरत नहीं है। ये अक्सर वहीं पाए जाते हैं, जहां इन्हें भोजन बहुतायत में मिलता है। हालांकि इनसे किसी अन्य बीमारी होने का खतरे से इन्कार नहीं किया जा सकता है, क्योंकि चमगादड़ स्तनधारी जीव है। इन पर कोई भी परजीवी हो सकता हो, जो किसी बीमारी का कारण बन सकता है। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि चमगादड़ से कोरोना फैलता है, अभी यह साबित नहीं हो सका है। चमगादड़ की यहां मौजूदगी की कोई और वजह हो सकती है।