पुलिस ने नहीं दर्ज की मारपीट की रिपोर्ट, अदालत के आदेश पर सात पर मुकदमा
Case filed for assault on seven घर में घुसकर दबंगों ने की थी मारपीट। डिडौली के गांव ढेला नंगला का मामला। आरोप है कि डिडौली पुलिस ने उस समय घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। लिहाजा जल्लो देवी ने अदालत की शरण ली।
अमरोहा। जिले के जोया में डिडौली पुलिस ने अदालत के आदेश पर एक ही परिवार के सात लोगों के खिलाफ घर में घुस कर मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट हुई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव ढेला नगला की है। यहां रहने वाली जल्लो देवी का आरोप है कि गांव के ही रामसिंह व उसके स्वजन रंजिश रखते हैं। बीती 27 अप्रैल को राम सिंह ने अपने स्वजनों के साथ मिलकर खेत पर काम कर रहे उसके बेटे तिलकराम के साथ मारपीट की थी। बाद में घर में घुस कर पुत्रवधु प्रियंका व मुन्नू के साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया था। आरोप है कि डिडौली पुलिस ने उस समय घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। लिहाजा जल्लो देवी ने अदालत की शरण ली। सीआरपीसी की धारा 156(3) के तहत याचिका दायर कर कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले में अदालत ने डिडौली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया था। लिहाजा बुधवार को पुलिस ने राम सिंह, कविता, लोकेश, ममता, गौतम कुमार व खुशी देवी को नामजद किया है। जबकि तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।