तेंदुए की दहाड़ सुन घबराई महिला, हो गया गर्भपात
डिलारी के रहटा माफी गांव में फिर तेंदुए ने दहाड़ लगाई, इससे दहशत में आई महिला का गर्भपात हो गया।
मुरादाबाद : डिलारी के रहटा माफी गांव में बुधवार को फिर तेंदुए ने दहाड़ लगाई। तेंदुआ देख कर घबराई महिला बेसुध होकर गिर पड़ी और उसका गर्भपात हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये है पूरा मामला
खादर क्षेत्र में करीब एक माह से तेंदुए ने उत्पात मचा रखा है। उसने हाल ही में दो युवकों को हमला करके घायल कर दिया था। इसके अलावा कई पशुओं को अपना निवाला बना चुका है। रहटा माफी के साथ अलियाबाद, करनपुर, पीपली उमरपुर गांवों में आबादी के आसपास तेंदुआ घूम रहा है। बुधवार सुबह रहटा माफी की गर्भवती सुमित्रा अन्य महिलाओं के साथ गांव के पास खेत में घास काट रही थी। तभी तेंदुए ने दहाड़ लगाई और उसके सामने आकर खड़ा हो गया। तेंदुए को देख सुमित्रा की चीख निकल गई और वह बेहोश हो गई। तेंदुए को देख महिलाओं ने शोर मचाया तो ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े। ग्रामीणों के आने पर तेंदुआ जंगल में भाग गया। बेहोश सुमित्रा को किसी तरह होश में लाया गया। तीन माह की गर्भवती सुमित्रा हालत में सुधार नहीं होने पर निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान गर्भपात हो गया। जिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना सिंह ने बताया कि तेंदुए के दहाड़ने से गर्भपात नहीं हो सकता है। उसके डर से महिला बेहोश होकर गिर पड़ी होगी और चोट लगाने से गर्भपात हो गया होगा। दहशत में जी रहे हैं लोग
बता दें तेंदुआ क्षेत्र में काफी दिनों से विचरण कर रहा है। वन विभाग भी उसे पकड़ने में नाकाम साबित हो रहा है, ऐसे में लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं।