रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे बाइक सवार, रास्ते में हुई घटना से मच गया कोहराम
रिश्तेदारी से घर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मारी। मौत की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हो गए।
मंडी धनौरा (जेएनएन): रिश्तेदारी से घर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों की हादसे में मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मारी। मौत की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लाश देखते ही बदहवास हो गए। पुलिस ने दोनों की लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा है।
रिश्तेदारी से लौटते वक्त हुआ हादसा
बिजनौर जनपद के थाना चांदपुर के ग्राम अहलाबलपुर निवासी अरुण(20) पुत्र धर्मपाल व गौरव पुत्र नन्हें (18) थाना बछरायूं क्षेत्र के ग्राम ढयोटी स्थित अपनी बहन के यहां रिश्तेदारी में आए थे। मंगलवार की दोपहर दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में चांदपुर मार्ग पर रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर दूर जा गिरी और दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने की शिनाख्त
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों की लाशों को थाने ले आई और मृतकों की शिनाख्त की। खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। पुलिस से उनकी जमकर नोकझोंक हो गई। परिजन वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मसले की नजाकत को भांपते हुए पुलिस ने दोनों लाशें पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दीं। परिजनों ने मामले में कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।