दुष्कर्म के आरोपित ने पंचायत को दिखाया ठेंगा, जानें क्या था कारण
दुष्कर्म के मामले में पंचायत की दखल एक महिला पर भारी पड़ी है। दुष्कर्म का वह आरोपित पीड़िता को छोड़ फरार हो गया है।
मुरादाबाद । दुष्कर्म के मामले में पंचायत की दखल एक महिला पर भारी पड़ी है। दुष्कर्म का वह आरोपित पीड़िता को छोड़ फरार हो गया है। इसके साथ पंचायत ने महिला का निकाह कराया था। ऐसे में पीड़िता थाने के चक्कर काटने पर मजबूर है। मूंढापांडे थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के मुताबिक अगस्त 2018 में वह अपने मायके में थी। मायके में गांव का ही रहने वाला एक युवक अपने चार साथियों के साथ उसके घर में आ घुसा। आरोपित ने जबरिया महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला ने जब शोर मचाया, तो मौके पर पंचायत बुलाई गई। पंचायत के फरमान पर आरोपित युवक का निकाह पीड़िता के साथ कराया गया। पीड़िता के मुताबिक बीते कुछ दिनों से आरोपित लापता है। महिला ने आशंका जताई है कि दुष्कर्म का आरोपित उसे छोड़ कर फरार हो गया है। तहरीर देकर महिला ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अजय गौतम ने कहा कि तहरीर मिली है। मामले की जांच हो रही है।
पकड़ से दूर सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित
सिविल लाइन पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पुलिसकर्मी उन आरोपितों की तलाश अब तक नहीं कर पाए हैं, जिन पर एक युवती को अगवा कर चौबीस घंटे तक सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित अगवानपुर कस्बे में रेलवे स्टेशन रोड पर 22 जनवरी की देर शाम एक युवती बदहवास मिली। पूछताछ में उसने बताया कि 21 जनवरी को कार सवार चार युवकों ने उसका अपहरण किया। छजलैट थाना क्षेत्र के एक गांव में बंधक बना कर आरोपितों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दूसरे दिन देर शाम आरोपितों ने युवती को रेलवे स्टेशन के समीप सड़क पर फेंका। पीड़िता के बयान व परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन उनकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई। इधर पीड़िता व उसके परिजन अगवानपुर चौकी व सिविल लाइन थाने का रोज चक्कर काट रहे हैं।