खूंखार तेंदुए की दस्तक से ठाकुरद्वारा खौफजदा
मुरादाबाद : ठाकुरद्वारा तहसील में तेंदुए की सक्रियता से लगातार खौफ बढ़ रहा है। तहसील के नया गाव
मुरादाबाद : ठाकुरद्वारा तहसील में तेंदुए की सक्रियता से लगातार खौफ बढ़ रहा है। तहसील के नया गाव बहादुर नगर में फिर तेंदुए ने दस्तक दी और बछड़े को मार डाला। बछड़े का शव गाव से बाहर जंगल में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव को गढ्डा खोदकर दबा दिया।
नया गाव बहादुर नगर में तेंदुए का खतरा मंडराता रहता है। एक बालक का निगल चुका तेंदुआ कई पशुओं पर भी वार कर चुका है। बीती रात तेंदुए ने गाव में घूम रहे बछड़े को पकड़कर मार डाला। उसकी गर्दन पर वार किया। रक्त स्त्राव होने से बछड़े की मौत हो गई। सुबह दिन निकलने पर ग्रामीणों ने बछड़े का शव देखकर वन विभाग के खिलाफ हंगामा किया। ग्रामीणों ने वन विभाग को भी सूचना दी, लेकिन कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। बाद में ग्रामीणों ने मृत बछड़े को आबादी से बाहर गढ्डा खोदकर दबा दिया। ग्राम प्रधान के पति के अनुसार बछड़े का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। किसी जानवर के हमले से मौत होना प्रतीत हो रहा था। सफाई कर्मी से वाहन में भरवाकर आबादी से बाहर दबा दिया है।
गौरतलब है कि इसी गांव में बालक को तेंदुआ निवाला बना चुका है। ग्रामीण समूह बनाकर खेतों पर जाते हैं और सुरक्षा के लिए लाठी-डंडे साथ लेकर निकलते हैं। महिलाओं को खेत पर जाने से मना कर दिया है और बच्चों को भी घर से निकलने पर अभिंभावकों ने पाबंदी लगा दी गई है।
इसके बावजूद वन विभाग पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। वन टीम ग्रामीणों में विश्वास बहाल करने में नाकाम साबित हो रही है।