Terrorist activities : अलकायदा के संपर्क रखने वालों से बात करता था मुरादाबाद का हन्नान
Terrorist activities इनामुल से कराया गया ठाकुरद्वारा के किशोर का सामना। किशोर ने उसके संपर्क में होने के साथ ही कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा के शरीफ नगर में रहने वाला हन्नान अलकायदा के संपर्क में रहने वालों से बात करता था। चैटिंग होती थी। मगर, दिल्ली में होने वाली मीटिंग में शामिल होने के लिए उसने मना कर दिया था। लखनऊ में एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) को उसने यही बताया। टीम ने उसके सोशल मीडिया अकाउंट से कई जानकारियां जुटाई हैं। माना जा रहा है कि अलकायदा से सीधे संपर्क के कोई पुख्ता सुबूत न मिलने पर उसे राहत मिल सकती है।
आतंकी संगठन अलकायदा के संपर्क के आरोप में पंद्रह जून को एटीएस ने बरेली के कटघर से इनामुल हक को गिरफ्तार किया था। वह सोशल मीडिया के जरिये अलकायदा से जुड़ा था। एटीएस ने लखनऊ में उसे जेल भेजा इसके बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच टीम को पता चला कि इनामुल का कश्मीर के सलमान से संपर्क था। उसे भी पकड़ा गया। दोनों से लंबी पूछताछ हुई। उनके सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले गए। जिसके आधार पर मंगलवार को एटीएस हन्नान को पकड़कर लखनऊ ले गई। वहां उससे पूछताछ हुई। बताया जा रहा कि उसने यह बात स्वीकारी कि इनामुल से सोशल मीडिया के जरिये संपर्क मेंं बना रहता था। इनामुल ने मार्च पहले सप्ताह में उसे सीएए के खिलाफ तैयारी के बाबत मीटिंग के लिए दिल्ली आने को कहा था मगर हन्नान ने इन्कार कर दिया। उसके बयान एटीएस ने दर्ज करा लिए हैं। इसके अलावा कोई अन्य सुबूत न मिलने पर उसे छोड़ा जा सकता है।