‘भाजपा से नाराज पूरा देश, दलितों को भी समझ आया धोखा’: आगरा सम्मेलन से पहले SP सांसद का बड़ा हमला
सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा देश और दलित समाज भाजपा से नाराज ...और पढ़ें

सपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन।
HighLights
दलित सम्मेलन में समाज को साधने की तैयारी, आगरा में संकल्प के साथ होगी सीधी बात
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। चुनावी सरगर्मी के बीच समाजवादी पार्टी ने दलित समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। सपा के राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन ने मंगलवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरा देश भाजपा से नाराज है।
जनता के साथ धोखा हुआ है और दलित समाज के लोग भी अब इसे समझ चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार दलित समाज के लोग एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के साथ खड़े होने को तैयार हैं।
सिविल लाइंस स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में रामजीलाल सुमन ने कहा कि आगरा के राजकीय इंटर कालेज में 15 नवंबर को दलित सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन में हमारे नेता पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दलित समाज के लोगों से केवल भाषण नहीं, बल्कि सीधे संवाद की तैयारी है। समाज की समस्याओं, अपेक्षाओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में कुछ संकल्प भी लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी ने दलित समाज के कल्याण के लिए जो योजनाएं तैयार की हैं, उनके क्रियान्वयन को लेकर भी संकल्प लिया जाएगा।
उनका कहना था कि सम्मेलन के माध्यम से दलित समाज के लोगों से सीधी बात कर उनकी आवाज को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। टिकट वितरण को लेकर पूछे गए सवाल पर रामजीलाल सुमन ने कहा कि टिकट वितरण का अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का है। टिकट को लेकर अंतिम फैसला वही करेंगे।
राहुल-अखिलेश तय करेंगे गठबंधन
गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव बैठकर तय करेंगे कि आगे क्या होना है और कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि बीच के लोग बिना वजह अपनी बातें कर रहे हैं। गठबंधन को लेकर उनके बयानों का कोई महत्व नहीं है।
